आगरालीक्स…Agra News: आगरा में यमुना का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, गौकुल बैराज से 1.06 लाख क्यूसिक पानी छोड़ा गया है, कल बाढ़ के हालात बन सकते हैं इसके लिए अलर्ट जारी किया गया है। ( Agra News: Yamuna above alert level in Agra, Water discharge constantly increasing#Agra)
हथिनीकुंड, सहारनपुर से यमुना में 3.29 लाख क्यूसिक पानी छोड़ा गया था यह आगरा में पांच और छह सितंबर को पहुंचेगा, इससे आगरा में यमुना का जलस्तर 152 मीटर को पार कर सकता है और बाढ़ जैसे हालात बन सकते हैं इसके लिए जिला प्रशासन तैयारी में जुटा है, यमुना किनारे सतर्कता बढ़ा दी गई है।
अलर्ट लेवल के पार पहुंचा जलस्तर
यमुना में बुधवार रात को जलस्तर 151.555 मीटर पहुंच गया जबकि अलर्ट लेवल 151.400 मीटर है। अलर्ट लेवल को पार कर जाने से यमुना किनारे की कॉलोनियों में नाले बैक मारने लगे हैं। ताजमहल की दीवार तक भी पानी पहुंच गया है। ताजगंज मोक्षधाम और पोइया घाट श्मशान घाट भी डूब गया है और जलस्तर लगातार बढ़ रहा है।
तहसील के राजस्व विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वंय भ्रमणशील रहते हुऐ बाढ़ की स्थिति पर नजर रखे हुये है एवं शहरवासियों एवं ग्रामवासियों को समय-समय पर जलस्तर की सूचना दी जा रही है। सभी सम्बन्धित विभागों को आवश्यक व्यवस्था कराये जाने हेतु निर्देशित किया गया है। बाढ़ की स्थिति से निपटने हेतु जनपद स्तर पर कन्ट्रोल रूम 24 घण्टें संचालित है, जिसका मोबाइल नं० 0562-2260550 एवं 09458095419 है।