आगरालीक्स…दो करोेड़ की लूट का मास्टरमाइंड एनकाउंटर में ढेर. दिन में पुलिस को चकमा देकर हो गया था फरार..रात को मारा गया
फिरोजाबाद में पुलिस की अभिरक्षा से फरार दो करोड़ की लूट का आरोपी रात को एनकाउंटर में मारा गया है. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पुलिस ने बाईपास स्थित डीआरएम होटल के पास उसे घेर लिया. इस पर आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग की. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके सीने में लगी. उसे अस्पताल ले जाया गया जहां चिकितसकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. दो करोेड़ की लूट का यह मास्टरमाइंड को पुलिस ने इसके पांच साथियोें के साथ शनिवार को अरेस्ट किया था लेकिन आज रिकवरी पर ले जाते समय ये पुलिस को शौच के लिए जाने का बहाना बनाकर चकमा देकर फरार हो गया था.
रिकवरी के लिए लेकर जा रही थी पुलिस
यह लूट का मास्टरमाइंड नरेश था जो कि अलीगढ़ के अरनी का रहने वाला था. दोपहर एक बजे पुलिस उसे गाड़ी से रुपयों की बरामदगी के लिए मक्खनपुर के गांव घुनपई के पास सर्विस रोड किनारे लेकर जा रही थी. उसने पुलिस को घुनपई के पास एक जगह झाड़ियों मं रुपयों से भरा बैग रखने की बात बताई थी. रिकवरी के लिए ले जाने के दौरान नरेश ने पुलिसकर्मियों से शौच लगने की बात कही. इस पर पुलिस ने गांव खेड़ा गणेशपुर के पास उसे गाड़ी से उतार दिया. उसके एक हाथ में हथकड़ी लगी थी. हाइवे के समीप नरेश शौच के लिए चला गया लेकिन जब पांच मिनट तक वह वापस नहीं लौटा तो पुलिसकर्मी उसे देखने गए. लेकिन वो वहां से गायब मिला. उसके भागने की घटना से महकमे में हड़कंप मच गया. पुलिस ने इसकी घेराबंदी के लिए टीम बनाई थी.
30 सितंबर को लूटे थे 2 करोड़ रुपये
कानपुर—आगरा नेशनल हाइवे पर 30 सितंबर की सुबह मास्टरमाइंड नरेश और उसके पांच साथियों ने कार के ओवरटेक कर दो करोड़ रुपये की लूट की वारदात को अंजाम दिया था. गुजरात की जीके कंपनी कैश ट्रांजेक्शन के चालक और कर्मचारी कानपुर आफिस से दो करोड़ रुपये लेकर आगरा आफिस आ रहे थे तभी हाइवे पर दो कार में आए आधा दर्जन से अधिक हथियारों से लैस बदमाशों ने नकदी लूट ली और कार चालक दीना जी को अगवा कर लिया और आगे जाकर उसे हाइवे किनारे फेंक दिया.
कर्मचारी ने लूट की सूचना मालिक अशोक भाई पटेल को दी जिसके बाद पुलिस पहुंची और पर्दाफाश के लिए एसएसपी ने छह टीमें लगाई थीं. जांच के दौरान कार के नंबर को ट्रेस करते हुए पुलिस दिल्ली पहुंची. तब वहां पता चला कि दो कार किराए पर ली गई थीं. एक कार वापस कर दी गई थी जबकि एक कार अभी नहीं वापस की गई थी. इसके बाद पुलिस ने फुटेज के आधार पर एक के बाद एक बदमाशों को ट्रैस किया. इसके बाद गिरोह का सरगना नरेश निवासी गांव अरनी थाना खैर जनपद अलीगढ़ को उसके साथियों के साथ पायरनियर पुल के पास से पकड़ लिया था.