आगरालीक्स…आगरा में आटो के अंदर सवारियों की चेन, मोबाइल चोरी करने वाली तीन चोरनियां पुलिस ने पकड़ीं. महिला पुलिसकर्मी की भी इन्होंने तोड़ ली थी चेन…
आगरा पुलिस ने तीन महिला चोरों को अरेस्ट किया है. ये तीनों महिलाएं आटो में बैठकर अन्य सवारियों की चेन और मोबाइल चोरी करने का काम करती थीं. बिजलीघर से भगवान टाकीज के लिए बैठी महिला सिपाही के गले से भी चेन इन्हीं ने चोरी की थी. पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की रकम से खरीदे सोने जैसे दिखने वाले कानों के कुंडल और 5920 रुपये बरामद किए हैं.
महिला सिपाही की चेन चोरी कर ली थीं
31 अक्टूबर को कन्नौज में तैनात महिला कांस्टेबल छुट्टी पर अपने घर आगरा आई थी. वह अपनी सास के साथ बिजलीघर चौराहे से भगवान टाकीज के लिए आटो में बैठी थीं. इसमें पहले से तीन महिलाएं थी. भगवान टाकीज पर पहुंचने पर महिला सिपाही को अहसास हुआ कि उसके गले से 15 ग्राम की सोने की चेन गायब है. उन्होंने तुरंत इसकी सूचना हरीपर्वत पुलिस को दी और आटो में पहले से बैठी तीन महिलाओं पर शक जताया.
पुलिस ने इन तीन चोरनियों को अरेस्ट कर लिया है. ये तीनों राजस्थान की रहने वाली हैं. इन्होंने महिला सिपाही के गले से चेन चोरी करने की घटना स्वीकारी है. चेन चोरी करने के बाद तीनों ईदगाह स्टेशन पहुंची और यहां से ट्रेन पकड़कर भरतपुर चली गईं. वहां उन्होंने चेन को 62 हजार रुपये में बेच दिया और कानों के कुंडल खरीदकर बाकी पैसे बांट लिए. तीनों महिलाएं फिर से आगरा आई हुई थीं. पुलिस ने पालीवाल पार्क लाइब्रेरी के पास से तीनों को दबोच लिया.