आगरालीक्स…दुखद, आगरा में घर के बाहर खेल रहा डेढ़ साल का अयान हुआ लापता. ढूंढा तो नाले में मिली बच्चे की लाश…
आगरा में घर के बाहर खेल रहे डेढ़ साल के एक मासूम बच्चे की नाले में डूबने से मौत हो गई है. बच्चा घर के बाहर खेल रहा था और खेलते—खेलते परिजनों की आंखों से ओझल हो गया. घरवालों ने उसकी तलाश की तो पास में स्थित एक नाले में वह पड़ा मिला. बाहर निकाला तो उसकी सांसें थम चुकी थी. बच्चे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है.
घटना किरावली के कस्बा मिढाकुर की है.यहां शकील रहते हैं. इनका डेढ़ साल का बेटा अयान घर के बाहर खेल रहा था.लेकिन अचानक बच्चा लापता हो गया. बच्चे की तलाश की गई लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला. करीब चार घंटे तक बच्चे को ढूंढते रहे, तभी कोई आगरा—जयपुर हाइवे के किनारे छह फीट गहरे नाले की तरफ गया तो उसने टॉर्च से नाले में देखा तो वहां बच्चे को पड़ा देखा. परिजनों ने उसे बाहर निकाला लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. बच्चे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया. बुध्वार को बगैर किसी कार्रवाई के बच्चे के शव को दफन कर दिया गया. अयान पांच भाई बहनों में सबसे छोटा था.