आगरालीक्स…वीडियो देखें, आगरा में 20—22 लाख की चोरी की सूचना पर पुलिस ने चोरों से बरामद किए 97 लाख रुपये. जूता कारोबारी की कंपनी में हुई थी चोरी…ये निकले चोर
आगरा के तनिष्क ग्रीन अपार्टमेंट, ओल्ड विजय नगर कॉलोनी के रहने वाले जूता कारोबारी हरीश कुमार वंजानी की मोती कटरा में हरमीरा फुट केयर के नाम से फर्म है। जूता कारोबारी हरीश कुमार वंजानी ने सोमवार यानी छह जनवरी को थाना एमएम गेट में मुकदमा दर्ज कराया। इसमें उन्होंने बताया कि रविवार यानी पांच जनवरी की रात नौ बजे फर्म को बंद कर अपने घर आ गए थे, सुबह छह जनवरी को सुबह 8.48 बजे चौकीदार का फोन आया। उसने बताया कि दुकान के ताले टूटे हुए हैं, वे दुकान पर पहुंचे। दुकान पर पहुंचने के बाद उन्होंने गल्ले की दराज चेक की, एक दराज अंदर थी और एक बाहर थी । दराज से करीब 20 से 22 लाख रुपये चोरी होने पर थाना एमएम गेट में मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस ने कर्मचारियों की छानबीन की
जूता कारोबारी हरीश कुमार वंजानी ने पुलिस को बताया कि जिस गल्ले की दराज से 22 लाख रुपये चोरी हुए उसका लॉक बंद था। डुप्लीकेट चाबी से दराज खोलकर चोरी की गई। पुलिस ने दुकान में काम करने वालों की छानबीन की। इस दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि घटना से संबंधित चोर शाहगंज रेलवे पुल के पास कहीं जाने की फिराक में खड़े हैं. सूचना पर पुलिस ने दो अभियुक्तों को अरेस्ट कर लिया.
पिता और दो पुत्रों ने की थी चोरी
पुलिस टीम द्वारा गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ करने पर बताया गया कि वे दोनों सगे भाई हैं तथा फर्म हरमीरा फुटवियर, मोती कटरा में कार्यरत थे. कुछ दिन पहले नीरज ने कंपनी से काम छोड़ दिया था, जबकि आकाश वहीं काम कर रहा था. उन्होंने बताया कि उनके ऊपर कर्ज हो गया था, जिसके चलते उन्होंने चोरी करने की योजना बनायी एवं फर्म से संबंधित पूरी जानकारी लेने के बाद 5—6 जनवरी की रात में जाली तोड़कर करीब 97 लाख रुपये चोरी कर लिए. इसमें दोनों के पिता अशोक पुत्र रामभरोसी भी शामिल था. पुलिस ने उसे भी अरेस्ट कर लिया और इनके कब्जे से कुल ₹ 96,95,500/- (छियानबे लाख पचानवे हज़ार पाँच सौ रुपये) (चोरी की धनराशि ), बैंक रसीदें, 01 नीला बैग एवं 01 प्लास्टिक का सफेद कट्टा बरामद किया गया.
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण:-
- आकाश पुत्र अशोक निवासी गयासपुरा थाना शाहगंज आगरा।
- नीरज पुत्र अशोक निवासी गयासपुरा थाना शाहगंज आगरा ।
- अशोक पुत्र रामभरोसी निवासी गयासपुरा थाना शाहगंज आगरा ।