आगरालीक्स…आगरा में आधी रात को साड़ी के शोरूम में लगी आग. शोरूम के ऊपर सो रहा था परिवार…
आगरा में ग्वालियर हाइवे स्थित एक साड़ी के शोरूम में देर रात किसी कारणवश आग लग गई. शोरूम के ऊपर वाली मंजिल पर शोरूम मालिक का परिवार सो रहा था. धुएं के कारण घुटन होने पर आग की जानकारी हुई और समय रहते सभी लोग बाहर निकल आए. आग से साड़ी शोरूम में लाखों रुपये का माल जलकर खाक हो गया है. फायर ब्रिगेड की गाड़ी ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया. फिलहाल आग का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है. आगरा के ग्वालियर हाइवे पर इटोरा में गंगा साड़ी सेंटर नाम से शोरूम है. इसके मालिक भूपेंद्र लवानिया है. शोरूम के ऊपरी मंजिल पर बने घर में ही भूपेंद्र लवानिया अपने परिवार के साथ रहते हैं. रात को शोरूम बंद करने के बाद भूपेंद्र लवानिया अपनी पत्नी पूजा और बेटा शौर्य के साथ घर में सो रहे थे. रात लगभग तीन बजे शौर्य की आंख खुली और उसे घुटन महसूस हुई. इस पर परिवार के बाकी लोग भी जाग गए और शोरूम में आग लगने की जानकारी पर आनन फानन में सभी लोग बगल के रास्ते से नीचे उतर आए.फायर ब्रिगेड ने पाया आग पर काबू
दुकान स्वामी ने इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी. मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ी ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. इस दौरान दुकान में रखा काफी माल जल गया. दुकान स्वामी ने बताया कि आग से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है.