आगरालीक्स…देखें वीडियो, आगरा में मदिया कटरा चौराहे पर धंसी सड़क पर फंसी स्कूली बच्चों की बस. भीषण जाम ने और किया बुरा हाल. कई दिनों से पानी का रिसाव होने से खोखली हो गई थी सड़क.
आगरा में विभागों और अधिकारियों की लापरवाही का एक बड़ा मामला सामने आया है. मदिया कटरा चौराहे से गुजर रही एक स्कूली बस अचानक सड़क धंसने से फंस गई. बस का पहिया खोखली सड़क में इस तरह जा फंसा कि वह आगे नहीं बढ़ सकी. बस में स्कूली बच्चे सवार थे ऐसे में सभी बच्चों को पहले बाहर निकाला गया. सूचना पर विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल भी पहुंच गए. जेसीबी की मदद से बस को बाहर निकाला गया और मरम्मत कार्य शुरू किया गया. विधायक ने जलकर विभाग को फटकार भी लगाई.कई दिनों से हो रहा है पानी का रिसाव
मदिया कटरा तिराहे पर पानी की पाइप लाइन में काफी समय से रिसाव हो रहा है. लेकिन इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया गया. पानी रिसाव से यह सड़क खोखली हो गई जिसके कारण यहां से गुजर रही स्कूली बस का पहिया इसमें फंस गया. स्थानीय लोगों ने विधायक के सामने नगर निगम और जलकल विभाग पर लापरवाही के आरोप लगाए. कहा कि चार दिनों से पानी की लाइन में लगातार रिसाव हो रहा है, शिकायतें भी की गईं लेकिन विभाग ने इसकी मरम्मत नहीं कराई. इसी कारण यह हादसा हुआ है.
बस के सड़क में धंसने के कारण चौराहे से गुजरने वाले यातायात की बुरी स्थिति हो गई. दिल्ली गेट से लेकर मानसिक स्वास्थ्य केंद्र और लोहामंडी तक जाम विकराल हो गया. स्कूलों की छुट्टी का समय होने के कारण कई स्कूली वैन, अभिभावकों के वाहन और आम राहगीर जाम में फंसे रहे. विधायक के पहुंचने के बाद यहां यातायात व्यवस्था को सुचारू करने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया. लेकिन जाम में लोग काफी देर तक फंसे रहे.
मरम्मत कार्य किया गया शुरू
जलकर विभाग की टीम जेसीबी मशीन को लेकर यहां पहुंची. सबसे पहले फंसी हुई बस को बाहर निकाला गया और इसके बाद सड़क की खुदाई कर लीकेज को ठीक कराने का काम शुरू किया गया.