आगरालीक्स…आगरा नगर निगम में केरल के प्रतिनिधिमंडल ने देखें स्मार्ट सिटी कार्य. कुबेरपुर लैंडफिल साइट पर वेस्ट टू एनर्जी प्लांट, डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन की प्रक्रिया देखी
भारत सरकार के काउंसिलर टूर प्रोग्राम के अंतर्गत विकसित केरलम के प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को आगरा नगर निगम व आगरा स्मार्ट सिटी द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों का भ्रमण किया। महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा ने भाजपा प्रदेश महामंत्री रामप्रताप सिंह चौहान, महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, विधायक डॉ. जीएस धर्मेश, भाजयुमो महानगर अध्यक्ष शैलू पंडित के साथ स्वागत व सम्मान किया।महापौर ने बताया कि केरल के विभिन्न नगर निकायों के पार्षदों, सभासदों व सदस्यों को भारत सरकार काउंसिलर टूर प्रोग्राम के अंतर्गत आगरा नगर निगम द्वारा किए जा रहे कार्यों देखने के लिए भेजा है। महापौर ने कहा कि प्रतिनिधिमंडल ने देखा कि देश में मोदी जी और प्रदेश में योगी जी के नेतृत्व में विकास कार्य जनता तक पहुंच रहे हैं। तेजी से विकास कार्य प्रगति पर है, जो कम से कम देश को 100 साल आगे ले जाएगा। अब वह दिन दूर नहीं जब केरल में भी भाजपा की सरकार बनेगी।
प्रतिनिधिमंडल ने कुबेरपुर लैंडफिल साइट का भ्रमण किया। यहां पर उन्होंने वेस्ट टू एनर्जी प्लांट के संचालन के बारे में विस्तृत जानकारी ली। इसके अलावा प्रतिनिधिमंडल ने डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन, 5 आर प्रोग्राम, कबाड़ से कमाल कार्यक्रम के बारे में भी बारीकी से जानकारी ली। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने आगरा नगर निगम का भ्रमण किया। यहां पर उन्होंने नगर निगम द्वारा कैसे कार्य किया जाता है, इस बारे में जानकारी ली। उन्होंने सभागार, ऑफिस और सदन का भी भ्रमण किया। सदन में महापौर व वरिष्ठ पार्षदों द्वारा आगरा नगर निगम रेवेन्यू मॉडल और विकास कार्यों की जानकारी दी। इसके बाद प्रतिनिधिनमंडल ने आगरा स्मार्ट सिटी कार्यालय का भ्रमण किया।
महापौर द्वारा प्रतिनिधिमंडल को जानकारी दी गई कि स्मार्ट सिटी के इंटीग्रेटेड कमांड कंट्रोल रूम के द्वारा पूरे शहर पर हाई डेफिनेशन कैमरों के द्वारा सुरक्षा की दृष्टि से सर्विलांस की व्यवस्था है। इसके अतिरिक्त इंटीग्रेटेड कमांड कंट्रोल रूम के द्वारा ट्रैफिक मैनेजमेंट, पुलिस के साथ मिलकर सुरक्षा उपायों पर भी नगर निगम कार्य कर रहा है। यहां पर आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस का उपयोग करके नियमों को तोड़ने वाले लोगों पर भी नजर रखी जाती है।स्मार्ट सिटी और आगरा नगर निगम के कार्यों को देखकर केरल का प्रतिनिधिमंडल वाह आगरा बोल पड़ा। प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने कहा कि आगरा ने देश में काफी अच्छा प्रदर्शन किया है। हमने अभी तक केवल खबरों में सुना था कि आगरा ने स्वच्छ सर्वेक्षण में टॉप-10 में जगह बनाई, स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में देश में तीसरा स्थान हासिल किया, राष्ट्रीय जल पुरस्कार में भी आगरा ने देश में तीसरा स्थान हासिल किया था। लेकिन अब हमें आगरा आकर खुद विकास कार्यों को देखने का अवसर मिला है। आगरा ने बीते कुछ साल में वाकई में अपनी छवि में परिवर्तन करने के लिए काफी कार्य किया है। केरल से आए प्रतिनिधिमंडल के भ्रमण के दौरान अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार, सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम सहित अन्य निगम के अधिकारी व पार्षदों का दल मौजूद रहा।