फिरोजाबादलीक्स…भयावह, फिरोजाबाद में दो युवकों के ऊपर गिरा हाईटेंशन तार. मौके पर ही जिंदा जलकर दोनों की हो गई मौत
आगरा मंडल के फिरोजाबाद जिले से दर्दनाक खबर आई है. थाना एका के नगला बाबन पट्टी में गुरुवार सुबह दो युवकों के ऊपर 11 हजार वोल्ट का हाईटेंशन तार गिर गया. दोनों युवक करंट से बुरी तरह से जल गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना से गांव में हड़कंप मच गया. मृत युवकों की कंडीशन जिसने भी देखी उसका दिल दहल गया. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया. उन्होंने हंगामा किया और करीब चार घंटे तक शवों को नहीं उठने दिया. पुलिस ने किसी तरह शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. जांच की जा रही है.मृतकों की पहचान 28 साल के भूपेंद्र और 28 साल के ही प्रदीप शाक्य के रूप में हुई है. दोनों युवक सुबह शौच के लिए जा रहे थे. इसी दौरार ट्यूबवेल सप्लाई के लिए गांव से गुजर रहा हाईटेंशन लाइन का तार अचानक गिरकर उनके ऊपर जा गिरा. युवकों की मौत की सूचना पर थाना अध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. सूचना पर क्षेत्राधिकारी जसराना प्रेम प्रकाश पांडेय, तहसीलदार रवीश कुमार, कानूनगो रामनिवास सिंह और लेखपाल चंद्रशेखर पहुंच गए. ग्रामीणों ने मृतकों के परिजनों को पांच—पांच बीघा जमीन और 50—50 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की है. एसडीएम न्यायिक अब्बास नकवी भी मौके पर पहुंचे. ग्रामीण बिजली अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग करने लगे.
करीब चार घंटे बाद अधीक्षण अभियंता राहुल कुमार और अधिशासी अभियंता ब्रजेश कुमर मौके पर हाए और ग्रामीणों से बात की. बिजली विभाग और राजस्व विभाग की ओर से मृतकों के परिजनों को मुआजा देने, दोषी लाइनमैन, अवर अभियंता और अन्य कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई का लिखित आश्वासन दिया गया. इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया.