आगरालीक्स …Agra News: वीडियो देखें आगरा में टोल प्लाजा पर विधायक पुत्र के टोलकर्मी को थप्पड़ जड़ने का वीडियो वायरल होने के बाद टोलकर्मियों पर भी गुंडई करने के आरोप। इस मामले में किसी भी पक्ष द्वारा थाने में तहरीर नहीं दी गई है। ( Agra News: MLA Son slap Toll employee video goes viral )
सोशल मीडिया पर रायभा टोल प्लाजा का एक वीडियो वायरल हुआ। इसमें काले रंग की टोयटा फॉच्र्यूनर टोल लेन में आकर रुकी, आरोप है कि वाहन पर फास्ट टैग नहीं था इसलिए टोल कर्मी ने उसे रोक लिया। कार के अंदर फतेहपुर सीकरी से विधायक चौधरी बाबूलाल के बेटे सुरेश चौधरी अपनी पत्नी के साथ बैठे हुए थे। टोलकर्मी द्वारा कार को रोकने के साथ ही उनकी पहचान पूछी इसे लेकर विवाद हो गया, बहस बढ़ने पर सुरेश चौधरी ने टोलकर्मी को थप्पड़ जड़ दिए। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
विधायक ने लगाए टोलकर्मियों पर गुंडागर्दी के आरोप
इस मामले में फतेहपुर सीकरी के विधायक चौधरी बाबूलाल का मीडिया से कहना है कि उनकी कार पर विधानसभा का अधिकारिक स्टिकर लगा हुआ था, बेटे सुरेश चौधरी ने अपना परिचय भी दिया। इसके बाद भी टोलकर्मी ने अभद्रता की, अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करते हुए उन्हें उकसा दिया। रायभा टोल पर आए दिन स्थानीय लोगों और वीआईपी के साथ बदतमीजी की जाती है। जब एक विधायक के साथ ऐसा हो सकता है तो आम लोगों के साथ क्या होता होगा।