आगरालीक्स…आगरा के एकेडेमिक हाइट्स पब्लिक स्कूल में अर्थ डे पर हुई “शो एंड टेल” एक्टिविटी. पर्यावरण संतुलन, जल संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण एवं वृक्षारोपण को समझाया
आगरा के एकेडेमिक हाइट्स पब्लिक स्कूल में अर्थ डे के अवसर पर एक भव्य एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर यूकेजी से कक्षा 7 तक के विद्यार्थियों ने उत्साह, ऊर्जा एवं रचनात्मकता के साथ “शो एंड टेल” गतिविधि में भाग लिया। कार्यक्रम के अंतर्गत सभी बच्चों ने पृथ्वी से संबंधित सुंदर एवं शिक्षाप्रद प्रॉप्स तैयार कर प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने अपने-अपने प्रॉप्स के माध्यम से पृथ्वी संरक्षण, पर्यावरण संतुलन, जल संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण एवं वृक्षारोपण के महत्व पर प्रभावशाली भाषण दिए। बच्चों की प्रस्तुति में आत्मविश्वास, अभिव्यक्ति क्षमता एवं विषय की गहरी समझ स्पष्ट रूप से देखने को मिली।
इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक मोहित गर्ग, प्रधानाचार्या गुंजन गर्ग, कोऑर्डिनेटर दीप्ति चौहान एवं काउंसलर परनिता निगम ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने विद्यार्थियों को संदेश दिया कि हम सभी का कर्तव्य है कि हम पृथ्वी को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखें, जल की बचत करें तथा अधिक से अधिक पेड़-पौधे लगाकर पर्यावरण को संरक्षित करें। साथ ही, अर्थ डे से संबंधित विभिन्न ज्ञानवर्धक एवं मनोरंजक गतिविधियाँ भी आयोजित की गईं, जिनमें बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया, जिससे बच्चों में प्रतिस्पर्धा की भावना के साथ-साथ प्रोत्साहन भी बढ़ा। विद्यालय प्रबंधन ने इस प्रकार की गतिविधियों को बच्चों के सर्वांगीण विकास एवं पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। यह आयोजन न केवल बच्चों के लिए शिक्षाप्रद रहा, बल्कि उन्हें एक जिम्मेदार एवं जागरूक नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित करने वाला भी सिद्ध हुआ।