आगरालीक्स…आगरा के प्रधानाचार्यों को जनगणना ड्यूटी से मुक्त रखने की मांग. अपर जिलाधिकारी से मिला उत्तर प्रदेश प्रधानाचार्य परिषद का प्रतिनिधिमंडल
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उ.प्र. प्रधानाचार्य परिषद् का प्रतिनिधिमंडल जनपद आगरा के प्रधानाचार्यों को जनगणना ड्यूटी से मुक्त रखने के संबंध में जिला अधिकारी महोदय से भेंट करने के लिए आज कलेक्ट्रेट पहुँचा। समस्या के समाधान हेतु प्रतिनिधिमंडल को अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), आगरा से मिलने के निर्देश प्राप्त हुए। तत्पश्चात प्रतिनिधिमंडल ने अपर जिलाधिकारी से उनके कार्यालय में भेंट कर विषय पर विस्तृत चर्चा की।परिषद् की ओर से यह प्रस्ताव रखा गया कि प्रधानाचार्यों को जनगणना ड्यूटी से मुक्त रखा जाए। इस संबंध में परिषद् द्वारा आवश्यक तथ्य एवं तर्क प्रस्तुत किए गए। चर्चा के दौरान यह तथ्य सामने आया कि माध्यमिक शिक्षा के सभी शिक्षकों के नाम जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा ड्यूटी हेतु प्रशासन को उपलब्ध नहीं कराए गए हैं। इस पर अपर जिलाधिकारी ने आश्चर्य व्यक्त किया तथा जिला विद्यालय निरीक्षक को कल अथवा परसों स्पष्टीकरण हेतु तलब किया है।
अपर जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी प्रधानाचार्य अपने-अपने विद्यालयों के उन शिक्षकों का विवरण उपलब्ध कराएं जिनकी जनगणना ड्यूटी इस कारण से नहीं लगाई गई है कि उनके नाम जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा प्रशासन को उपलब्ध नहीं कराए गए। मांगी गई सूचना में निम्न विवरण सम्मिलित हों:- शिक्षक का नाम
- खाता संख्या
- बैंक का नाम
- मोबाइल नंबर
निर्देशानुसार तीन दिवस के भीतर यह समस्त सूचना व्यक्तिगत रूप से अपर जिलाधिकारी महोदया को उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने आश्वस्त किया कि उक्त सूचना प्राप्त होने पर जनपद के सभी प्रधानाचार्यों को जनगणना ड्यूटी से मुक्त करने पर विचार किया जाएगा। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल में नरेन्द्र कुमार लवानियाँ (अध्यक्ष), डॉ. मौ. जमीर (महामंत्री), ममता दीक्षित, अविनाश जैन, जोयस साइलस,प्रीति नागपाल,रामनाथ तिवारी,निखिलेन्द्र जैन सहित अन्य प्रधानाचार्य उपस्थित रहे।