आगरालीक्स…आगरा में बंद कोल्ड स्टोरेज को किया जा रहा था ध्वस्त. गैस कटर से निकली चिंगारी से लगी भीषण आग. एक घंटे में फायर ब्रिगेड ने पाया काबू..
बुढ़िया का ताल स्थित जर्जर कोल्डस्टोरेज का ध्वस्तीकरण का काम करते समय आज सुबह अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने की इस घटना में कोई जान-माल का नुक़सान नहीं हुआ है। घटना की सूचना देने पर पहुंची इलाका पुलिस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने करीब एक घंटे से ज्यादा की गई कड़ी मशक्कत के बाद कोल्डस्टोरेज के चैंबरों में लगे थर्माकोल से भभकती आग पर पानी डालकर काबू पाया। प्रथम दृष्टया आग लगने का मुख्य कारण कोल्डस्टोरेज के ध्वस्तीकरण का कार्य कर रहे मजदूरों के द्वारा हाईड्रोजन गैस कटर चलाए जाने से निकली चिंगारी बताई गई है।नगर में हाइवे किनारे संरक्षित पुरास्मारक बुढ़िया का ताल के समीप जर्जर हो चुका मयूर कोल्डस्टोरेज आलू भंडारण के अभाव में खाली पड़ा है। इस समय उसके ध्वस्तीकरण का काम मजदूर करने में लगे हैं। आज सुबह मजदूर अपने काम में जुटे थे कि तभी लोहे के पिलर काटते समय हाइड्रोजन गैस कटर से निकलने वाली चिंगारी से अचानक कोल्डस्टोरेज की दीवारों में लगे थर्माकोल ने आग पकड़ ली। मजदूरों ने बुझाने की कोशिश की लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद फायर सेवा हेल्पलाइन पर काॅल किया गया। इस पर कुछ देर बाद इलाका पुलिस और फिर बरहन फायर सर्विस केंद्र से दमकल की गाड़ियां पहुंच गईं। फायर ब्रिगेड कर्मचारियों ने धधक रही आग पर लगातार एक घंटे से ज्यादा समय पानी डालकर कड़ी मशक्कत से आग पर काबू पाया।
इस दौरान मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। तमाशबीन राहगीर राम किशन कुशवाहा और मयंक सिंह मोनू ठेकेदार ने बताया कि शुरुआत होने पर बुझाने का प्रयास करने पर आग और विकराल होती चली गई। आग की ऊंची उठतीं लपटों के साथ चारों ओर धुंआ फैल गया। इस संबंध में प्रभारी पुलिस चौकी एत्मादपुर दीपक खोखर ने बताया कि कोल्डस्टोरेज में लगी आग पर काबू पा लिया गया है। सभी मजदूर सकुशल हैं। प्रथम दृष्टया आग शार्ट सर्किट से लगना प्रतीत हो रहा है। जांच पड़ताल की जा रही है।