आगरालीक्स…ताजमहल देखने आए मेहमान. न्यूजीलैंड के मंत्री के साथ केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने भी परिवार के साथ किया ताजमहल का दीदार.
रविवार का दिन आगरा के लिए खास रहा. केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल न्यूजीलैंड के व्यापार एवं निवेश मंत्री टॉड मैक्ले के साथ ताजमहल का दीदार करने के लिए पहुंचे. इनके साथ इनके परिवार भी साथ रहे. दोनों मंत्रियों ने ताजमहल का भ्रमण किया और ताजमहल की पच्चीकारी और वास्तुकला को भी बारीकी से देखा. इस दौरान आगरा में भारत और न्यूजीलैंड के बीच कूटनीतिक रिश्तों के साथ साथ सांस्कृतिक मेलजोल की झलक भी देखने को मिली.
पत्नी के साथ खिंचवाई फोटो
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने अपनी पत्नी सीमा गोयल के साथ यहां की मशहूर डायना टेबल पर फोटो भी खिंचवाई. वहीं न्यूजीलैंड के मंत्री टॉड मैक्ले के साथ उनकी पत्नी नादिन मैक्ले भी ताजमहल की खूबसूरती में खो गईं. उन्होंने इसे दुनिया का सबसे सुंदर स्मारक बताया.
कारोबारियों के साथ की बैठक
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने आगरा में चमड़ा और फुटवियर, आयुष, फार्मा, मेडिकल डिवाइस, लाइट इंजीनियरिंग और खेल के सामान के सेक्टर के लीडर्स के साथ एक मीटिंग भी की. इसमें न्यूज़ीलैंड के व्यापार और निवेश मंत्री, भी शामिल हुए. इसके अलावा, 'आगरा: फुटवियर की विश्व राजधानी' (Agra: World Capital of Footwear) ब्रांड कैंपेन भी लॉन्च किया गया. उन्होंने कहा कि यह कैंपेन हमारे कारीगरों और महिला उद्यमियों के हुनर का जश्न मनाता है, और आगरा को एक ग्लोबल सोर्सिंग डेस्टिनेशन, रोज़गार का इंजन और एक्सपोर्ट के पावरहाउस के तौर पर पेश करता है.
नई दिल्ली में सोमवार को भारत और न्यूजीलैंड के बीच फ्री ट्रेड एग्रीमेंट का समझौता होने जा रहा है. इससे भारतीय कपड़ा और फार्मा को न्यूजीलैंड में बिना ड्यूटी के बाजार में अपने उत्पादों को बेचने का मौका मिलेगा.
