आगरालीक्स…दुखद हादसा, आगरा में बाइक पर जा रहे पिता और आगे बैठी तीन साल की बच्ची की एक्सीडेंट में मौत. अज्ञात वाहन ने पीछे से बाइक में मार दी टक्कर. मौके पर ही हुई मौत
आगरा के न्यू दक्षिणी बाईपास पर रविवार दोपहर को दर्दनाक हादसा हुआ है. अपनी तीन साल की बेटी को बाइक पर आगे बिठाकर पिता जा रहा था. पीछे से अज्ञात वाहन ने इनकी बाइक को टक्कर मार दी जिससे दोनों पिता पुत्री की मौके पर ही मौत हो गई. घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है. हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया है.बेटी को लेकर ससुराल जा रहा था सतपाल
फतेहपुर सीकरी के गांव सोनोटी में 28 साल के सतपाल बघेल पुत्र साहब सिंह रहते थे. सतपाल की मलपुरा के गांव कबूलपुर में ससुराल है. रविवार दोपहर 12 बजे सतपाल अपनी तीन साल की बेटी कनक को बाइक पर बैठाकर ससुराल जा रहा था. सेफ्टी के लिए उसने बच्ची को गमछे से बांधा हुआ था और उसे आगे बिठाया हुआ था.
न्यू दक्षिणी बाईपास पर गांव मुड़हेरा के पास किसी अज्ञात वाहन ने इनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों दूर जा गिरे और लहुलुहान हालत में बुरी तरह से तड़पने लगे. मौके पर कई लोग पहुंच गए. जब तक लोग दोनों कों संभालने की कोशिश करते दोनों की मौत हो गई. सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई. दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी खंगाल रही है जिससे वाहन की पहचान कर उचित कार्रवाई की जाए.