आगरालीक्स …Agra News” आगरा के मानसिक स्वास्थ्य संस्थान में महिला जूनियर डॉक्टर की हॉस्टल के कमरे में संदिग्ध हालत में मौत, एमडी कर रही जूनियर डॉक्टर ने सीनियर रेजीडेंट पर अभद्रता करने का पहले आरोप लगाया था लेकिन जांच में आरोपों की पुष्टि नहीं हुई थी। पुलिस जांच में जुटी हुई है। ( Agra Live News: 28 year old Junior resident Dr. Vartika found dead in hotel room of Institute of Mental Health Agra)
लखनऊ की रहने वाली 28 साल की डॉ. वर्तिका सिंह ने 22 फरवरी 2026 को मानसिक स्वास्थ्य संस्थान में एमडी साइकियाट्री प्रथम वर्ष में प्रवेश लिया था। वह संस्थान के हॉस्टल में ही रह रही थी, रविवार को डॉ. वर्तिका सिंह की मां ने उसे फोन किया लेकिन डॉ. वर्तिका का फोन नहीं उठा, इस पर उन्होंने डॉ. वर्तिका के साथ जूनियर डॉक्टर सिद्धार्थ को फोन किया, डॉ. सिद्धार्थ, डॉ. शिखा ठाकुर और डॉ. सना रब्बानी हॉस्टल में डॉ. वर्तिका सिंह के कमरे पर पहुंचे लेकिन कमरे का गेट अंदर से बंद था, वार्डन को बुलाया, इसके बाद कमरे का गेट धक्का मारकर खोला।
बेड पर पेट के बल पड़ी मिले
हॉस्टल के कमरे में डॉ. वर्तिका सिंह पेट के बल बेड पर पड़ी हुई थी, शरीर में कोई हरकत ना होने पर साथी जूनियर डॉक्टर डॉ. वर्तिका को एसएन मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे लेकिन डॉक्टरों ने डॉ. वर्तिका को म्रत घोषित कर दिया।
सीनियर रेजीडेंट पर लगाया था अभद्रता का आरोप
डॉ. वर्टिका ने इसी साल 22 फरवरी को मानसिक स्वास्थ्य संस्थान में एमडी में प्रवेश लिया था। पुलिस जांच में सामने आया है कि डॉ. वर्तिका ने सीनियर रेजीडेंट गाजियाबाद निवासी डॉ. सार्थक पर अभद्रता का आरोप लगाया था, इसकी जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी गठित की गई थी। जांच में आरोप साबित नहीं हुए थे।
21 अप्रैल को घर से लौटी, पहले भी किया था आत्महत्या का प्रयास
मानसिक स्वास्थ्य संस्थान में ही डॉ. वर्तिका ने मानसिक रूप से परेशान चलने पर 27 मार्च को भी नींद की ज्यादा गोली खाकर आत्महत्या की कोशिश की थी, इसके बाद से संस्थान ने निगरानी में रखा था और परिजनों को भी जानकारी दी गई थी। परिजन उन्हें अपने साथ लखनऊ ले गए थे। डॉ. वर्तिका 21 अप्रैल को लखनऊ अपने घर से संस्थान में लौटी थी। मानसिक स्वास्थ्य संस्थान के निदेशक प्रो. दिनेश राठौर का कहना है कि डॉ. वर्तिका का इलाज भी चल रहा था, आशंका है कि नींद की गोलियों की ज्यादा डोज लेने से तबीयत बिगड़ी। वहीं, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है जिससे मौत का कारण स्पष्ट हो सके।