आगरालीक्स… आगरा में लूट का दुस्साहसिक घटना से खलबली मची हुई है, बाइक सवार लुटेरे ने युवती की स्कूटी से गिरा दिया, उसका एटीएम कार्ड लूटने के बाद शॉपिंग की, यह सीसीटीवी में कैद हो गया है। इस मामले में पुलिस ने चोरी और एक्सीडेंट में मुकदमा दर्ज किया है।
शनिवार को आगरा की डिफेंस कॉलोनी निवासी मनुश यादव सेवला स्थित एक्सिस बैंक आई थी, वह एक दवा कंपनी में एमआर है। एटीएम से दो हजार रुपये निकाले, जब वह एटीएम से कैश निकाल रही थी, बाहर एक युवक खडा हुआ था। कैश निकालने के बाद एक हजार रुपये पास ही की दुकान से सामान खरीदने पर दिए, एक हजार रुपये उसने स्कूटी की डिग्गी में रख लिया। उसने एटीएम अपनी जेब में रख लिया।
सीओडी के पास एटीएम लूटा
मनुश यादव स्कूटी से घर लौट रही थी, सीओडी के पास बाइक सवार उसके बराबर में आया और स्कूटी में लात मार दी, इससे वह गिर गई। बदमाश उसकी जेब से एटीएम लूट कर फरार हो गया।
बच्चूमल कलेक्शन से शापिंग और निकाला कैश
लोगों ने युवती को उठाया, वह स्कूटी लेकर घर पहुंची, इस दौरान उसके मोबाइल पर एटीएम से किए गए ट्रांजेक्शन के मैसेज आने लगे। उसके एकाउंट में 26 हजार रुपये थे, एटीएम से चार बार में 20 हजार रुपये निकाले गए। इसके बाद बच्चूमल कलेक्शन, सदर बाजार से छह हजार रुपये की शॉपिंग का बिल भी एटीएम से किया। युवती ने बैंक के टोल फ्री नंबर पर फोन कर एटीएम को ब्लॉक करा दिया।
सीसीटीवी में शॉपिंग करता बदमाश, पुलिस ने माना चोरी
इस मामले में सदर पुलिस ने युवती की तहरीर पर चोरी और एक्सीडेंट का मुकदमा दर्ज किया है। वहीं, एटीएम से हुए ट्रांजेक्शन के बाद जांच की गई तो छह हजार की शॉपिंग बच्चूमल कलेक्शन, सदर से हुई थी। वहां से सीसीटीवी फुटेज लेने के बाद युवती से पहचान कराई गई, उसने बदमाश को पहचान लिया। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।