आगरालीक्स…आगरा में भाजपा ने शुरू की 2027 चुनाव की तैयारियां. शहर में जगह—जगह घूमेगा प्रचार रथ. सरकार की योजनाओं की दी जाएगी जानकारियां
केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं पात्र लाभार्थियों तक उनका लाभ सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नरेन्द्र से नरेन्द्र की ओर अभियान के तहत आगरा लोकसभा क्षेत्र में एक विशेष रथ यात्रा का शुभारंभ किया गया। इस महत्वपूर्ण आयोजन का उद्घाटन होटल होली डे इन में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा नेता इं. किशन (सीटू चौहान) ने भाजपा का ध्वज फहराकर किया। उस अवसर पर उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य केंद्र सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं जैसे आयुष्मान कार्ड योजना, पेंशन योजनाएं (वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांग पेंशन, विधवा पेंशन) प्रधानमंत्री योजना की जानकारी आम जनता तक पहुंचाना और यह सुनिश्चित करना है कि पात्र व्यक्ति इन योजनाओं का अधिकतम लाभ प्राप्त कर सकें। रथ यात्रा के माध्यम से आगरा लोकसभा क्षेत्र के गांव-गांव और वार्ड-वार्ड जाकर लोगों को योजनाओं के बारे में जागरूक किया जाएगा। रथ यात्रा के दौरान विशेषज्ञों की टीम भी साथ रहेगी, जो लोगों की समस्याओं को सुनेगी और उन्हें योजनाओं के लिए आवेदन करने में सहायता प्रदान करेगी। इसके अलावा, मौके पर ही आवश्यक दस्तावेजों की जांच और पंजीकरण की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। कार्यक्रम के अंत में भगवा ध्वज फहराकर रथ को रवाना किया गया। यह रथ यात्रा आगामी दिनों में आगरा लोकसभा क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में भ्रमण करेगी और अधिक से अधिक लोगों तक सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाएगी। आयोजकों ने उम्मीद जताई कि इस पहल से न केवल जागरूकता बढ़ेगी, बल्कि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का सीधा लाभ भी मिलेगा, जिससे क्षेत्र के समग्र विकास को गति मिलेगी। उद्देश्य 3 माह में कम से कम 20 हजार लाभार्थियों को लाभ पहुंचाना है। इस अवसर पर मुख्य रूप से सेवानिवृत्त सीओ धर्मेन्द्र चौहान, श्याम सुन्दर परमार, अभिषेक सिंह, बंसत यादव आदि उपस्थित थे।