आगरालीक्स…आगरा में आईएसबीटी से ताज पूर्वी गेट 11 स्टेशनों पर मेट्रो अगले माह से चलेगी. बिना जाम के एमजी रोड, बिजलीघर, ताजमहल तक जाना होगा आसान. जानें कितना होगा किराया
आगरावासी अगले माह से आईएसबीटी से ताज पूर्वी गेट तक का सफर मेट्रो से कर सकेंगे. इस समय मनकामेश्वर स्टेशन से लेकर आईएसबीटी तक लगभग रोजाना मेट्रो का सिग्नल ट्रायल चल रहा है. अभी मेट्रो की स्पीड कम रखी गई है लेकिन जल्द ही हाईस्पीड पर ट्रायल शुरू किया जाएगा. सबकुछ ओके होने के बाद मेट्रो सेवा आईएसबीटी तक शुरू कर दी जाएगी.11 स्टेशनों पर शुरू होगी मेट्रो
आगरा में इस समय ताजमहल के पूर्वी गेट से लेकर बिजलीघर स्थित मनकामेश्वर स्टेशन तक मेट्रो संचालित है. इस दूरी में छह स्टेशन हैं. वहीं अगले माह से मनकामेश्वर स्टेशन से आईएसबीटी तक मेट्रो का सफर शुरू कर दिया जाएगा और इसके बीच में मनकामेश्वर से आगे एसएन मेडिकल कॉलेज, आगरा कॉलेज, राजा की मंडी, आरबीएस कॉलेज और आईएसबीटी तक मेट्रो लोगों को मिलेगी. कुल 11 स्टेशनों में मेट्रो चलेगी. इनमें सात स्टेशन अंडरग्राउंड हैं तो वहीं चार स्टेशन एलिवेटेड हैं. आईएसबीटी से आगे के दो स्टेशनों गुरु का ताल और सिकंदरा के लिए भी तेजी से काम चल रहा है.
आगरा में आईएसबीटी से अगर किसी को बिजलीघर, एमजी रोड या फिर ताजमहल तक जाना हो तो जाम का सामना करना पड़ता है और समय भी ज्यादा खराब होता है लेकिन मेट्रो शुरू होने से न सिर्फ समय की बचत होगी बल्कि बिना जाम के झंझट के लोग एमजी रोड, बिजलीघर या ताजमहल और ताजनगरी तक सफर कर सकेंगे.
जानें कितना होगा किराया
आगरा मे मेट्रो के एक स्टेशन से दूसरे स्टेशन तक का किराया 10 रुपये निर्धारित है. वहीं एक से तीन स्टेशनों तक किराया 15 रुपये है, तीन से छह स्टेशनों तक का किराया 20 रुपये है. वहीं छह से 9 स्टेशनों के बीच किराया 30 रुपये और 9 से 11 स्टेशनों के बीच किराया 40 रुपये होगा. ऐसे में आईएसबीटी से ताजनगरी स्थित ताज पूर्वी गेट तक जाने के लिए किराया 40 रुपये लगेगा. वहीं बिजलीघर स्थित मनकामेश्वर स्टेशन तक जाने के लिए यह किराया 20 रुपये होगा.