आगरालीक्स…आगरा में फूलों वाले पौधे लगाकर मनाया मदर्स डे. गुलमोहर, कचनार, अमलतास, चंपा और अन्य कई फूलों वाले पौधे लगाए गए
मदर्स डे के अवसर पर बाइंपुर, नगर वन में एक प्रेरणादायक पौधरोपण अभियान आयोजित किया गया, जिसमें फूलों वाले पौधों का विशेष रूप से रोपण किया गया। इस अभियान का उद्देश्य न केवल शहर की सुंदरता (सिटी ब्यूटीफिकेशन) बढ़ाना था, बल्कि जैव विविधता (बायोडायवर्सिटी) को समृद्ध करना और लोगों के मानसिक स्वास्थ्य को भी सुदृढ़ करना था।इस अभियान का नेतृत्व प्रख्यात पर्यावरणविद् डॉ. अनुराधा चौहान और रेंज ऑफिसर कृपा शंकर जी ने किया। उनके साथ वन विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे, जिनमें वन दरोगा उमेश, हरविलास, बन संरक्षक अखिलेश, टीकम और देवेंद्र शामिल रहे।
रेंज ऑफिसर कृपा शंकर ने इस अवसर पर कहा कि “फूलों के पौधे न केवल वातावरण को सुंदर बनाते हैं, बल्कि मन को शांति और सकारात्मक ऊर्जा भी प्रदान करते हैं। आज के बढ़ते तनाव के दौर में प्रकृति से जुड़ना बेहद जरूरी है।” डॉ. अनुराधा चौहान जी ने भी सभी नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि “हर व्यक्ति कम से कम दो फूलों वाले पौधे अवश्य लगाए, ताकि हमारा शहर हरा-भरा और सुंदर बन सके।”
उन्होंने बताया कि फूलों के चमकीले रंग प्राकृतिक मूड बूस्टर का कार्य करते हैं। यह तनाव और चिंता को कम करने में सहायक होते हैं। इससे मानसिक शांति, सकारात्मकता और सुकून प्राप्त होता है। विभिन्न शोधों में भी यह सिद्ध हुआ है कि प्रकृति के रंग और हरियाली मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस पहल के तहत गुलमोहर, कचनार, अमलतास, चंपा और अन्य कई फूलों वाले पौधे लगाए गए, जो आने वाले समय में न केवल शहर की खूबसूरती बढ़ाएंगे बल्कि पक्षियों और तितलियों को भी आकर्षित कर पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में सहायक होंगे।