आगरालीक्स…Agra News: आगरा में ट्रांसपोर्टर असगर अली को जिस कार से टक्कर मारकर हत्या की गई थी, पुलिस ने 42 दिन बाद कार बरामद की, निगम के पशु चिकित्सा अधिकारी के भाई के नाम पहले रही है कार, आरोपियों पर ईनाम की तैयारी, पुलिस जल्द कर सकती है खुलासा।
आगरा में चार अप्रैल की सुबह मेवाती नगला भोगीपुरा के रहने वाले ट्रांसपोर्टर असगर अली को मल्ल का चबूतरा में कार ने जबरदस्त टक्कर मारी थी जिससे असगर अली की मौत हो गई थी। ट्रांसपोर्टर असगर अली ने महिला जीएसटी अधिकारी की शासन में शिकायत की थी इस पर महिला जीएसटी अधिकारी द्वारा असगर अली पर प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसके बाद असगर अली ने चार अप्रैल को प्रेसवार्ता कर रवि यादव और मंटोला के रहने वाले कामरान की पुलिस से शिकायत करने की बात कही थी इससे पहले कार एक्सीडेंट में मौत हो गई। असगर अली के बेटे ने इसे हत्या बताते हुए महिला जीएसटी अधिकारी, उनके पति नगर निगम के पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय कुमार यादव, रवि यादव, मंटोला निवासी कामरान पर हत्या की साजिश का शक जताया था।
एक के बाद एक खुल रही कड़ी, कार मिली
पुलिस ने जांच की तो कार जालौन के प्रेम नारायण के नाम थी, प्रेम नारायण आगरा में हरीपर्वत क्षेत्र की गौशाला में कर्मचारी है। आगे की जांच में सामने आया कि प्रेम नारायण से पहले यह कार पशु चिकित्सा अधिकारी अजय यादव के भाई अरुण के नाम थी। पुलिस ने शाहगंज क्षेत्र से कार भी बरामद कर ली है, 112 नवंबर पर पुलिस को लावारिस हालत में कार खड़ी होने की जानकारी मिली थी यह कार वही थी जिससे ट्रांसपोर्टर असगर अली को टक्कर मारी गई।
ईनाम घोषित करने की तैयारी
पुलिस ने इस मामले में पहले हत्या की धारा में मुकदमा तरमीम किया, इसके बाद रवि यादव को आरोपी बनाया गया वह भूमिगत हो गया और उसकी पत्नी द्वारा दो दिन पहले आडियो वायरल किए गए, जिसमें दावा किया गया कि रवि यादव पशु चिकित्सा अधिकारी अजय यादव से बात कर रहा है हालांकि अजय यादव ने आडियो में अपनी आवाज से इन्कार करते हुए दावा किया कि एआई से आडियो बनाया गया है। पुलिस ने इस मामले में कामरान को भी आरोपी बनाया है। पुलिस दोनों की धरपकड़ के लिए दबिश दे रही है और ईनाम घोषित करने की तैयारी है। डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास का मीडिया से कहना है कि हत्याकांड में कई अहम जानकारियां मिली हैं। कड़ियों को जोड़कर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। जल्द मामले का खुलासा होगा।