आगरालीक्स…आगरा में घर—घर जाकर शुरू हुई जनगणना. सबसे पहले ताजमहल, आगरा फोर्ट, बुलंद दरवाजा आदि की भी हुई नंबरिंग…घर—घर जाकर मकानों की भी हुई गणना
आगरा में भारत की जनगणना-2027 का भव्य शुभारंभ हो गया है, प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना की जाएगी. उक्त कार्य हेतु प्रगणकों व सुपरवाइजरों के घरों में पहुंचने पर आमजन द्वारा उनका माला पहना कर, टीका लगा एवं मिठाई खिलाकर स्वागत किया गया. भारत की जनगणना-2027 हेतु आमजन में अत्यंत उल्लास व उत्साह देखा गया, आज से प्रारम्भ हुए जनगणना के अन्तर्गत मकान सूचीकरण कार्यक्रम सम्पूर्ण जनपद में चलाया गया. भारत की जनगणना-2027 के अन्तर्गत प्रथम चरण का शुभारम्भ विश्वदाय स्मारक, हेरिटेज बिल्डिंग यथा ताजमहल, लाल किला, बुलंद दरवाजा फतेहपुर सीकरी आदि की प्रगणक व सुपरवाइजर द्वारा नम्बरिंग/चिन्हिकरण कर की गई.जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि जनगणना के इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें तथा अपने घर व मकान सूचीकरण, परिवार का विवरण प्रगणक के माध्यम से दर्ज कराएं, उन्होंने आश्वस्त किया कि जन गणना के दौरान प्रदान की गई समस्त जानकारी पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी. उन्होंने यह भी अपील की है कि जब गणनाकर्ता (प्रगणक) गणना हेतु आपके घर जाये तो पूछे गये प्रश्नों का सही-सही उत्तर प्रगणक को दें। क्योंकि आपके द्वारा दिया गया सही आंकड़ा प्रदेश, राज्य एवं देश की प्रगति में अपना विशेष योगदान देगा.
गौरतलब है कि जनपद में 07 मई से 21 मई तक स्वगणना हेतु प्रभावी अभियान चलाया गया, जिसमें जनपदवासियों द्वारा उत्साहपूर्वक स्वगणना में भाग लिया गया. स्वगणना के अन्तर्गत मीडिया डे, ज्यूडिशियल डे, शिक्षा दिवस, मेडिकल डे, पुलिस डे इत्यादि का आयोजन कर स्वगणना हेतु प्रेरित किया गया.