आगरालीक्स…आगरा में गैंगस्टर आलोक यादव को कोर्ट ने सुनाई आजीवन कारावास की सजा. जुर्माना भी लगाया. राज चौहान हत्याकांड में भी है मुख्य आरोपी
तीन साल पहले आगरा के थाना न्यू आगरा क्षेत्र के दयालबाग में यमुना किनारे पर दो युवकों को गोली मारी गई थी. इसमें दोनों युवक घायल हो गए थे. 25 जून 2023 को कल्याणी हाईटस अपार्टमेंट के पीछे यमुना किनारे पर हुई इस घटना में नगला हवेली निवासी नीरज, राहुल घायल हुए थे. कार में सवार होकर कालिंदी विहार निवासी आलोक यादव, विशेष बघेल, राजा, सौरभ, काके, कुलदीप और स्काई यहां आए थे और आलोक यादव और सौरभ चौधरी ने ताबड़तोड़ फायरिंग की थी. हमले में राहुल की पीट और नीरज के पैर में गोली लगी थी. हमलावर राहुल को कार में डालकर ले गए थे और बाद में उसे कालिंदी विहार स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराकर भाग गए थे.मामले में पुलिस ने 29 जून को एजआई अजीत सिंह ने प्राथमिकी दर्ज कराई. विवेचना के बाद नामजद आरोपियों के अलावा सैंकी यादव, अजय, रोहित सिकरवार, निमेश चौहान, सत्यवीर सिंह, गुलजार, ललित, गोरख और दीपक जायासवाल के भी नाम जोड़े गए. 28 अगस्त 2023 को आरोप पत्र कोर्ट में दाखिल किया गया. 16 में से 15 आरोपियों को पत्रावलियों को अलग कर दिया गया.
आजीवन कारावास और तीन लाख रुपये का जुर्माना
कोर्ट ने आज इस मामले में फैसला सुनाया. एडीजे 25 मदन मोहन ने गैंगस्टर आलोक यादव को दोषी पाया और उसे हत्या की कोशिश व अन्य आरोप में आजीवन कारावास की सजा सुनाई. इसके अलावा 3 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है.
आगरा के कालिंदी विहार स्थित होटल में 23 जनवरी को राज चौहान की गोली मारकर हत्या कर दी थी, 18 राउंड गोली चलाई गईं थी और राज चौहान के सात गोली लगी थी. हत्या के पीछे गैंगवार माना जा रहा था, पुलिस ने राज चौहान की हत्या के मुख्य आरोपी अरबाज उर्फ मंसूरी को मुठभेड़ में ढेर कर दिया था और आठ लोगों को अरेस्ट कर जेल भेजा गया था, राज चौहान की मां ने हत्याकांड की साजिश में कई और नाम बताए थे. वहीं, पुलिस पूछताछ में राज चौहान की हत्या में गैंगस्टर आलोक यादव का भी नाम आया था. आलोक यादव कालिंदी विहार का रहने वाला है और उस पर 18 मुकदमे दर्ज हैं. पुलिस की जांच में राजचौहान की हत्या में आलोक यादव की भी संलिप्तता मिली थी इसके बाद हत्या की साजिश में आलोक यादव का नाम बढ़ाया है. आलोक यादव 2023 में आगरा दिल्ली हाईवे पर लूट की तीन वारदात में शामिल था उसने संभल में सरेंडर कर दिया था इसके बाद आगरा जेल लाया गया था. उसी दौरान जेल में राज चौहान भी था.