आगरालीक्स…दर्दनाक, आगरा—लखनऊ एक्सप्रेस वे पर दौड़ती कार का फटा टायर. 8 माह की मासूम बच्ची की मौत, मम्मी—पापा गंभीर रूप से घायल..
आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे पर गुरुवार को तेज रफ्तार एक कार का टायर फट गया. इससे कार करीब 50 मीटर तक घिसटती हुई गई और आगे जाकर दूसरी साइड पर जाकर पलट गई. कार सवार 8 माह की मासूम बच्ची की मौत हो गई जबकि उसके माता पिता गंभीर रूप से घायल हो गए. सूचना पर पुलिस और यूपीडा टीम मौके पर पहुंच गई और घायलों को अस्पताल में पहुंचाया.पुलिस के अनुसार दयालबाग अमर बिहार पुलिस चौकी स्थित साईं रेजीडेंसी में निशांत पुत्र मनोज वशिष्ट रहते हैं. गुरुवार को वह अपनी पत्नी वैष्णवी, 8 माह की बेटी यति और रिश्तेदार आकांक्षा के साथ कार में सवार होकर मैनपुरी से लौट रहे थे. गुरुवार दोपहर करीब 12 बजकर 10 मिनट पर थाना फतेहाबाद क्षेत्र स्थित आगरा—लखनऊ एक्सप्र्रेस वे के किलोमीटर 22.500 पर इनकी चलती कार का अगला टायर अचानक फट गया. इससे कार अनियंत्रित हो गई और घिसटती हुई दूसरी साइड पर पहुंच कर 25 फीट गहरी खाई में नीचे गिर गई. हादसे में कार सवार निशांत, वैष्णवी, यति गंभीर रूप से घायल हो गए जबकि आकांक्षा के मामूली चोट लग गई.
सूचना पर यूपीडा और पुलिस मौके पर पहुंच गई. घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहाबाद पहुंचाया गया जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद 8 माह की बच्ची यति को मृत घोषित कर दिया. वहीं निशांत और वैष्णवी को गंभीर हालत होने पर एसएन इमरजेंसी रेफर किया गया.