आगरालीक्स…आगरा में थार की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत. चार महीने पहले हुई थी शादी. आक्रोशित लोगों ने मचाया बवाल. पुलिसकर्मियों की फाड़ दी वर्दी. आधा किमी तक दौड़ाया..
आगरा में सोमवार शाम को फतेहाबाद फिरोजाबाद रोड पर तेज रफ्तार थार ने दो दोपहिया वाहन चालकों को रौंद दिया. हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई. जबकि तीन लोग घायल हो गए. मृतक युवक ससुराल से लौट रहा था और चार महीने पहले ही उसकी शादी हुई थी. एक्सीडेंट के बाद लोगों में आक्रोश छा गया और उन्होंने हाइवे जाम कर दिया. थार में भी तोड़फोड़ कर डाली. सूचना पर पांच थानों का फोर्स मौके पर पहुंच गया. पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास किया लेकिन भीड़ पुलिसकर्मियों से ही उलझ गई. गुस्साए लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया. एक दरोगा की वर्दी फाड़ दी और करीब आधा किमी तक पुलिसकर्मियों को दौड़ा लिया.जानिए क्या है पूरा मामला
फतेहाबाद थाना क्षेत्र के गांव पूठपुरा के पास सोमवार को करीब साढ़े तीन बजे एक तेज रफ्तार थार कार ने अपाचे बाइक और एक स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में बाइक सवार युवक मनीष की मौत हो गई जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए. स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी. हादसे में स्कूटी सवार सुभाष, विवेक और कालू भी गंभीर रूप से घ्ज्ञायल हो गए. घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया.
ससुराल से लौट रहा था मनीष, चार महीने पहले हुई थी शादी
मृतक युवक मनीष की चार महीने पहले ही शादी हुई थी और वह अपनी ससुराल गढ़ी तिवारी फिरोजाबाद से वापस घर लौट रहा था. हादसे में मनीष की मौत पर पत्नी आरती और परिजनों में कोहराम मच गया.
हादसे से गुस्साए लोगों ने दो घंटे फतेहाबाद फिरोजाबाद मार्ग को जाम कर दिया. एक्सीडेंट करने वाली थार गाड़ी को भी तोड़फोड़ दिया. सूचना पर पांच थानों का फोर्स मौके पर पहुंच गया लेकिन आक्रोशित भीड़ ने पुलिसकर्मियों पर पथराव कर दिया. हमले में एक दरोगा की वर्दी भी फट गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उपद्रवियों ने करीब आधा किलोमीटर तक पुलिसकर्मियों को दौड़ा दिया. सूचना पर फतेहाबाद पुलिस और एसीपी फतेहाबाद भी पहुंच गए और उनहोंने लोगों को समझाने का प्रयास किया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और मामले की जांच शुरू कर दी है.