आगरालीक्स…सोमवती अमावस्या पर आगरा के श्री खाटू श्याम जी मंदिर में सजा नौका विहार उत्सव, मनोरम झांकी देख भक्तिभाव में डूबे श्रद्धालु
पुरुषोत्तम मास की पावन सोमवती अमावस्या के अवसर पर जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर में श्री खाटू श्याम जी मंदिर ट्रस्ट द्वारा भव्य नौका विहार उत्सव का आयोजन किया गया। उत्सव के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा और श्रद्धालु देर तक बाबा श्याम के मनोहारी स्वरूप के दर्शन करते रहे। इस अवसर पर श्याम बाबा का विशेष श्रृंगार लाल एवं पीले पुष्पों से किया गया। स्वर्ण मुकुट, कुंडल तथा आकर्षक आभूषणों से सुसज्जित बाबा का दिव्य स्वरूप भक्तों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। नौका विहार की मनोरम झांकी ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया और सभी ने भाव-विभोर होकर बाबा के दर्शन किए। मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष दिनेश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि उत्सव में विभिन्न भक्त परिवारों द्वारा सेवाएं अर्पित की गईं। श्रृंगार सेवा श्री श्याम प्रेमी द्वारा, पोशाक सेवा शिव विजय अग्रवाल एवं बबली अग्रवाल द्वारा तथा इत्र सेवा प्रवीण कुमार द्वारा संपन्न की गई। वहीं राजभोग सेवा एवं संध्या भोग सेवा श्री खाटू श्याम जी मंदिर ट्रस्ट द्वारा अर्पित की गई। नौका विहार उत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित भजन संध्या में श्याम भजनों की मधुर प्रस्तुतियों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। भजनों पर श्रद्धालु झूमते रहे और जय श्री श्याम के जयघोष से मंदिर परिसर गुंजायमान हो उठा। इस अवसर पर हेमेंद्र अग्रवाल, संजय अग्रवाल, अमित गोयल, विपिन बंसल, विकास गोयल सहित बड़ी संख्या में श्याम भक्त उपस्थित रहे। उत्सव के दौरान श्रद्धालु बाबा के अलौकिक स्वरूप और नौका विहार की छटा का आनंद लेते हुए देर तक दर्शन करते रहे।