आगरालीक्स…Agra News: आगरा में आपसी सहमति से आगरा कॉलेज के सामने एमजी रोड से मजार शिफ्ट, धाकरान चौराहे से मजार और एक मस्जिद भी हटाई जाएगी। ( Agra Live News: Dhakran Crossing Mazar will be shifted after Agra College Mazar for smooth traffic on MG road Agra )
आगरा में आगरा कॉलेज के सामने एमजी रोड पर 400 साल पुरानी हजरत रुस्तम शहीद शाह बाबा की मजार थी। मेट्रो के काम के चलते मजार बीच रोड में आ गई थी और जाम लग रहा था इसके साथ ही हादसे की आशंका बताते हुए मजार को हटाने की मांग की जा रही थी। पुलिस प्रशासन ने कई दौर की वार्ता की, इसके बाद मजार को शिफ्ट करने की सहमति मिल गई। मंगलवार सुबह नौ बजे मजार को शिफ्ट करने का काम शुरू हुआ। एमजी रोड पर आगरा कॉलेज की तरफ की लेन को बंद कर दिया गया।
5 घंटे में मजार स्थानांतरित
सुबह नौ बजे मजार को शिफ्ट करने का काम शुरू किया गया, सबसे पहले मजार के आस पास की बैरिकेडिंग को हटाया गया। इसके बाद चबूतरे को हटाया गया। एक परत हटने पर संगमरमर का दूसरा कवच हटा। और तीसरी परत में लाल पत्थर से बनी मूल मजार सामने आई, इसे धार्मिक रीति रिवाज के साथ आगरा कॉलेज के दूसरी तरफ शेख नासिर नाजिर शाह बाबा उर्फ नौगजे साहब की दरगाह में शिफ्ट कर दिया गया। मजार के मुतवल्ली प्रदीप कुमार तिवारी ने कहा कि मजार को शिफ्ट करने का फैसला आपसी सहमति से लिया गया।
एक मजार और मस्जिद और होगी शिफ्ट
धाकरान चौराहा पर भी एक मजार है इसके लिए भी दोनों पक्षों से बात हो गई है और आपसी सहमति बन गई है। इसे भी शिफ्ट कराया जाएगा। इसके साथ ही अंगूठी गांव में तालाब के पास एक मस्जिद और एक मंदिर है जिससे अतिक्रमण हो रहा था मंदिर हट गया है अब मस्जिद भी हटाई जाएगी।
आगरा कॉलेज से मजार हटाने की मांग
आगरा कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सीके गौतम का कहना है कि कॉलेज के भौतिक विज्ञान विभाग पेड़ के नीचे एक मजार है। 1998 में रात में किसी ने मजार बना दी थी, मजार पर कोई नहीं आता है। कॉलेज में मजार का कोई मतलब नहीं है जिला और पुलिस प्रशासन से मजार हटाने की मांग की है।