आगरालीक्स…आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर 40 कुंतल लावारिस खोआ बरामद. 80 बोरों में भरे खोये को लेने नहीं आया कोई. एफएसडीए ने जारी की ये सूचना….
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग, आगरा प्राप्त सूचना के आधार पर सहायक आयुक्त (खाद्य) की उपस्थिति में 17 जून 2026 को आगरा कैंट रेलवे स्टेशन स्थित पार्सल घर के समीप छापामार कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान 80 बोरों में भंडारित लगभग 40 कुंतल खोया (मावा) लावारिस अवस्था में बरामद किया गया। जांच के दौरान पाया गया कि उक्त खोया अत्यंत अस्वच्छ एवं अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में बिना किसी कोल्ड चेन व्यवस्था के खुले रूप में भूमि पर रखा हुआ था, जिससे उसकी गुणवत्ता एवं मानव उपभोग के लिए सुरक्षा पर गंभीर प्रश्न उत्पन्न होते हैं। विभागीय अधिकारियों द्वारा रात तक मौके पर प्रतीक्षा की गई, किन्तु किसी भी व्यक्ति अथवा फर्म द्वारा उक्त खोये पर स्वामित्व का दावा प्रस्तुत नहीं किया गया। इसके अतिरिक्त बुकिंग पार्सल कार्यालय, थाना सदर बाजार, आगरा तथा जीआरपी को भी बरामद सामग्री के संबंध में सूचित किया गया, लेकिन उसके स्वामी का नाम एवं पता ज्ञात नहीं हो सका। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने सर्वसाधारण को सूचित किया है कि यदि उक्त खोया (मावा) पर किसी व्यक्ति या फर्म का वैध स्वामित्व अथवा दावा हो तो वह समस्त संबंधित अभिलेखों एवं साक्ष्यों सहित 19 जून 2026 को अपराह्न 12:00 बजे तक कार्यालय खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, साई की तकिया चौराहा, रोजगार कार्यालय परिसर, एम.जी. रोड, आगरा में अधोहस्ताक्षरी के समक्ष उपस्थित होकर अपना पक्ष प्रस्तुत कर सकता है।विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समयावधि तक कोई दावा या आपत्ति प्राप्त न होने की स्थिति में उक्त खोये को विनश्वर प्रकृति का एवं मानव उपभोग हेतु संभावित रूप से असुरक्षित मानते हुए खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा अन्य प्रासंगिक विधिक प्रावधानों के अंतर्गत नियमानुसार विनष्ट करने की कार्रवाई की जाएगी। विनष्टीकरण के उपरांत किसी भी व्यक्ति अथवा फर्म का दावा स्वीकार नहीं किया जाएगा।