आगरालीक्स…क्या आगरा में जाम का सबसे बड़ा प्वाइंट बन रहा सुल्तानगंज की पुलिया क्रॉसिंग. हर दिन लग रहा जाम. कभी—कभी घंटों जाम में फंसे रहते हैं लोग. रास्ता बदलने को मजबूर होते हैं लोग
आगरा में जाम एक आम समस्या बन गई है. आप कहीं से भी जा रहे हो, जाम आपको जरूर मिल जाएगा. फिर चाहे वो सिकंदरा चौराहे पर हो, हाइवे हो, एमजी रोड हो, रामबाग हो या फिर शाहगंज, बिजलीघर आदि मार्ग. लेकिन सुल्तानगंज की पुलिया क्रॉसिंग अब ऐसा जाम का प्वाइंट बनता जा रहा है जहां अगर आप एक बार जाम में फंस गए तो निकलना मुश्किल हो जाता है. कई कॉलोनियों और मार्गों के लिए जाने वाला यह चौराहा जाम से लगभग हर दिन जूझता रहता है.घंटों फंसे रहते हैं लोग
सुल्तानगंज की पुलिया पर जाम की यह स्थिति है यहां से हर तरफ का वाहन होकर गुजरता है. लंगड़े की चौकी से सर्विस रोड पर आने वाले वाहन भी कमला नगर या विजय नगर कॉलोनी के लिए यहीं से होकर गुजरते हैं तो वहीं कमला नगर से विजय नगर जाने वाले और विजय नगर से कमला नगर जाने वाले वाहन भी यहीं से जाते हैं. भगवान टाकीज की तरफ से आने वाले वाहन भी यहीं आकर फंस जाते हैं. ऐसे में जाम लग जाए तो घंटों जाम में फंसना मजबूरी हो जाती हे.
सहालग शुरू हो गए हैं और सहालग के समय में यहां से काफी वाहन गुजरते हैं जिसके कारण जाम कभी कभी भीषण हो जाता है. चौराहे पर तैनात पुलिसकर्मी जाम को खुलवाने के लिए लगे रहते हैं लेकिन जाम काफी बड़ा होता जाता है. इसके कारण लोग अब यहां से रास्ता बदलने को भी मजबूर हो जाते हैं.