फिरोजाबादलीक्स…दुखद, सबमर्सिबल का पाइप लगाते समय 17 और 15 साल के दो सगे भाइयों की करंट लगने से मौत. बचाने दौड़ी मां भी झुलसी. मचा कोहराम
आगरा मंडल के फिरोजाबाद जिले में दुखद खबर आई है. थाना फरिहा क्षेत्र में मंगलवार दोपहर को दो सगे भाइयों की करंट लगने से मौत हो गई. बचाने आई मां भी बुरी तरह से झुलस गई. इस घटना से गांव में शोक का माहौल हो गया और कोहराम मच गया. घटना से आक्रोशित लोगों ने बिजली विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार माना है. फरिहा क्षेत्र में रहने वाले दो सगे भाई 17 वर्षीय अंकित और 15 साल के अंशुल पुत्र दिनेश अपने घर पर सबमर्सिबल का पाइप लगा रहे थे. दोपहर करीब पौने तीन बजे अंतिम पाइप उठाते समय पाइप ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गए. करंट लगते ही दोनों भाई गंभीर रूप से झुलस गए और थोड़ी देर में ही उनकी मौत हो गई. उन्हें चाने के लिए आई मां पिंकी देवी भी झुलस गई. मृतक अंकित इंटर का और अंशुल हाईस्कूल का छात्र था. घटना से परिवार में कोहराम मच गया. ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया. उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र में हाईटेंशन लाइन के तार काफी नीचे लटके हुए हैं. सूचना पर एसडीएम जसराना और विद्युत अधिकारी के साथ पुलिस मौके पर पहुंच गई. मामले की जांच की जा रही है.