आगरालीक्स…यमुना एक्सप्रेस वे पर अब नहीं दे सकेंगे धरना प्रदर्शन, ‘नो प्रोटेस्ट जोन’ घोषित. नहीं होना पड़ेगा गुजरने वाले यात्रियों को परेशान
अक्सर यमुना एक्सप्रेस वे पर राजनीतिक दलों, अराजनैतिक दलों द्वारा धरना प्रदर्शन, नारेबाजी या एक्सप्रेस वे को ब्लॉक किए जाने की घटनाएं सामने आती रहती थीं. इससे एक्सप्रेस वे से गुजरने वाले यात्रियों को भारी जाम और परेशानी का सामना करना पड़ता था लेकिन अब यमुना एक्सप्रेस वे को 'नो प्रोटेस्ट जोन' घोषित किया गया है. यह जोन एक्सप्रेस वे के माइल स्टोर 59 से 141 किलोमीटर तक के पूरे हिस्से का है. यह निर्णय इलाहाबाद उच्च न्यायालय द्वारा 22 मई 2026 को दिए गए निर्देशों के अनुपालन में लिया गया है. इस निर्णय के बाद से इस क्षेत्र में किसी भी प्रकार के राजनीतिक या अराजनीतिक दलों द्वारा धरना प्रदर्शन नहीं किये जा सकेंगे. इसका उद्देश्य एक्सप्रेस वे पर यातायात को सुरक्षित, सुचारू और निर्बाध बनाए रखना है. इस संबंध में यमुना एक्सप्रेस वे के एजीएम भरत सिंह राठौर के अनुसार यमुना एक्सप्रेूस वे प्रमुख एवं व्यस्ततम मार्गों में से एक है. इस एक्सप्रेस वे से प्रतिदिन हजारों वाहन दिल्ली, नेाएडा, ग्रेटर नोएडा और आगरा के बीच आवागमन करते हैं. ऐसे में किसी भी प्रकार के धरना प्रदर्शन से यातायात बाधित होता है और यात्रियों की सुरक्षा भी प्रभावित होने की आशंका बनी रहती है. इस निर्णय से यातायात प्रबंधन और कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूती मिलेगी. वहीं पुलिस का कहना है कि मथुरा में यमुना एक्सप्रेस वे का लगभग 82 किलोमीटर क्षेत्र इस आदेश के दायरे में आता है. आदेश का कड़ाई से पालन कराया जाएगा. अगर कोई व्यक्ति या संगठन प्रतिबंध का उल्लंघन करता है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.