आगरालीक्स ..Agra News: आगरा में दौड़ती कार में लगी आग, बैंक से निकाले छह लाख रुपये जलकर हुए राख।
आगरा के शास्त्रीपुरम पावन धाम कहरई निवासी योगेश कुमार अपने दोस्त एकता क्षेत्र निवासी सनी कुमार के साथ कार से बुधवार को संजय प्लेस आए थे, यहां उन्होंने बैंक से रुपये निकाले, उन्हें शमसाबाद जाकर प्लॉट खरीदने के लिए बैंक से निकाले रुपये एडवांस के तौर पर जमीन मालिक को देने थे।
आग में जल गए छह लाख के नोट
रमाडा कट के पास इनर रिंग रोड की सर्विस रोड पर पहुंचते ही कार गर्म हो गई, कार को उन्होंने रोक दिया और कार से उतर गए। जैसे ही दरवाजा बंद किया कार में तेज आवाज के साथ आग लग गई, देखते ही देखते कार आग की लपटों में घिर गई। स्थानीय लोगों ने आग की लपटों से घिरी कार के शीशे तोड़ने की कोशिश की जिससे कैश को बाहर निकाला जा सके लेकिन सफल नहीं हुए। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया लेकिन तब तक कार के साथ अंदर रखे छह लाख रुपये भी जल गए।