महाराष्ट्रलीक्स.. महाराष्ट्र टीईटी पेपर लीक में आगरा की प्रिंटिंग प्रेस के तीन कर्मचारी अरेस्ट, कई दिन तक एसआईटी ने छापेमारी के बाद किया अरेस्ट।
महाराष्ट्र टीईटी की परीक्षा 28 जून को थी इससे पहले ही टीईटी का पेपर लीक होने पर 27 जून को टीईटी की परीक्षा निरस्त कर दी गई थी। पेपर लीक प्रकरण की जांच के लिए एसआईटी गठित की गई। एसआईटी की जांच में पेपर लीक का मास्टर माइंड बिहार निवासी बिजेंद्र कुमार गुप्ता और सोनु कुमार किशनलाल निकला, पुलिस ने बिजेंद्र गुप्ता की पत्नी सुमन कुमारी गुप्ता को अरेस्ट कर लिया। इसके बाद डिजिटल और वित्तीय लेनदेन के साक्ष्य जुटाए गए।
आगरा में छापेमारी के बाद तीन कर्मचारी अरेस्ट
एसआईटी की जांच में सामने आया कि महाराष्ट्र टीईटी का पेपर आगरा की निजी प्रिंटिंग प्रेस में तैयार हुआ था, पेपर को आगरा से महाराष्ट्र भेजा गया। एसआईटी ने आगरा आकार छापेमारी की, इसमें सामने आया कि आगरा की निजी प्रिंटिंग प्रेस में जब महाराष्ट्र टीईटी का पेपर तैयार हो रहा था उसी दौरान प्रिंटिंग प्रेस के तीन कर्मचारियों ने पेपर बाहर निकाला। इस आधार पर पुलिस ने आगरा की निजी प्रिंटिंग प्रेस के कर्मचारी नरेश कुमार महोरे, संजय कुमार शर्मा और बाबूलाल कुशवाह को अरेस्ट कर लिया।
नौ जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेजा
ठाणे पुलिस ने आगरा से अरेस्ट किए गए निजी प्रिंटिंग प्रेस के कर्मचारी नरेश कुमार महोरे, संजय कुमार शर्मा और बाबूलाल कुशवाह को मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया। तीनों को नौ जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेजा गया है। इस मामले में अभी तक 10 लोग अरेस्ट किए जा चुके हैं, मास्टर माइंड की तलाश में एसआईटी दबिश दे रही है।