आगरालीक्स…आगरा के दिल्ली गेट पर 100 साल से अधिक पुराना पीपल का पेड़ गिरने पर मुकदमा दर्ज. सड़क निर्माण के दौरान गिरा था विशालकाय पेड़….निर्माण एजेंसी पर लापरवाही का आरोप
आगरा के दिल्ली गेट पर सीएम ग्रिड योजना के तहत सड़क निर्माण का कार्य चल रहा है. लेकिन कुछ दिन पहले इस निर्माण कार्य के दौरान ही सरकार हॉस्पिटल के पास स्थित 100 साल से अधिक पुराना विशालकाय पीपल का पेड़ धाराशयी हो गया था. इस पीपल के पेड़ के गिरने पर मामला तूल पकड़ गया था. अब इस मामले में सामाजिक वानिकी विभाग की ओर से मुकदमा दर्ज कराया गया है. मुकदमे में निर्माण एजेंसी को नामजद किया गया है जिसमें आरोप है कि लापरवाही के दौरान पीपल का यह विशालकाय पेड़ गिरा है. यह कार्रवाई टीटीजेड क्षेत्र में बिना अनुमति वृक्ष क्षति पर वृक्ष संरक्षण अधिनियम 1976 के तहत की गई है. आगरा में सामाजिक वानिकी प्रभाग के प्रभागीय निदेशक ने बताया कि नगर निगम से अनुबन्धित निर्माण एजेंसी श्रीराम कंस्ट्रक्शन द्वारा सीएम ग्रिड योजना के अन्तर्गत देहली गेट पर मॉडल रोड निर्माण में खुदाई के दौरान पीपल के पेड़ की जड़ के पास गहरी खुदाई करने से पेड़ की जड़ें खुल जाने के कारण पीपल का पेड़ गिर गया. चूंकि आगरा जनपद टीटीजैड के अन्तर्गत आता है यहाँ किसी भी प्रकार का वृक्ष पातन से पूर्व सर्वोच्च न्यायालय, नई दिल्ली से अनुमति प्राप्त किया जाना आवश्यक है. उक्त घटना का संज्ञान लेते हुए त्वरित जांच के उपरांत लापरवाह कम्पनी श्रीराम कंस्ट्रक्शन के दोषी व्यक्तियों के विरूद्ध उत्तर प्रदेश वृक्ष संरक्षण अधिनियम-1976 की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए विधिक कार्यवाही अमल में लाई गई है.