आगरालीक्स…आगरा में दिव्यांग छात्राओं को मिलेगी ‘मुफ्त ई- ट्राईसाइकिल’, जिले की प्रत्येक विधानसभा सीट से चुनी जाएंगी 20 पात्र दिव्यांग छात्राएं…
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसी दिशा में सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026- 27 के लिए एक बेहतरीन कल्याणकारी योजना की शुरुआत की है। इसके तहत स्कूल, कॉलेज या किसी भी व्यावसायिक प्रशिक्षण (ट्रेनिंग) केंद्र में पढ़ाई कर रही दिव्यांग छात्राओं को मुफ्त ई- ट्राईसाइकिल वितरित की जाएगी, ताकि संसाधनों और परिवहन के अभाव में किसी भी बेटी की शिक्षा बीच में न छूटे।प्रत्येक विधानसभा से चुनी जाएंगी 20 पात्र छात्राएं
इस योजना को जमीनी स्तर पर पारदर्शी तरीके से लागू करने के लिए रूपरेखा तैयार कर ली गई है। दिशा- निर्देशों के अनुसार जनपद की प्रत्येक विधानसभा सीट से 20- 20 सबसे योग्य और पात्र दिव्यांग छात्राओं का चयन किया जाएगा। इस व्यवस्था से जिले के सभी क्षेत्रों की जरूरतमंद छात्राओं को समान रूप से योजना का लाभ मिल सकेगा, जिससे वे बिना किसी शारीरिक या आर्थिक निर्भरता के सम्मानपूर्वक अपने शिक्षण संस्थानों तक पहुंच सकेंगी।
16 वर्ष से अधिक आयु और बीपीएल श्रेणी को विशेष वरीयता
इस योजना का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़ी बेटियों तक पहुंचाने के लिए पात्रता नियम तय किए गए हैं। 16 वर्ष या उससे अधिक आयु की ऐसी दिव्यांग छात्राएं जो किसी विद्यालय या संस्थान में अध्ययनरत हैं, वे इसके लिए आवेदन कर सकती हैं। लाभार्थियों के चयन में गरीबी रेखा से नीचे (बीपीएल) श्रेणी की उन छात्राओं को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी, जिनके परिवार का कोई सदस्य आयकरदाता नहीं है। लक्ष्य शेष रहने पर दिव्यांगता की गंभीरता और आय के बढ़ते क्रम के आधार पर अन्य छात्राओं का चयन किया जाएगा। आवेदन के लिए यूडीआईडी कार्ड, आधार कार्ड, आय- जाति-निवास प्रमाण पत्र, 2 फोटो और अध्ययनरत होने का प्रमाण पत्र अनिवार्य है।
जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी ज्ञान देवी ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप यह योजना दिव्यांग बेटियों के जीवन में एक बड़ा और सकारात्मक बदलाव लेकर आएगी। अक्सर परिवहन के सुरक्षित साधनों की कमी के कारण कई बेटियां उच्च शिक्षा या ट्रेनिंग बीच में ही छोड़ देती थीं। मुफ्त ई- ट्राईसाइकिल मिलने से न सिर्फ उनका समय बचेगा, बल्कि उनके भीतर एक नया आत्मविश्वास जगेगा। विभाग पूरी पारदर्शिता के साथ पात्र छात्राओं के चयन की प्रक्रिया को आगे बढ़ा रहा है, ताकि हर जरूरतमंद बेटी सशक्त बन सके। मेरी अपील है कि सभी पात्र छात्राएं आवश्यक अभिलेखों के साथ समय से आवेदन कर योजना का लाभ उठाएं।