आगरालीक्स…Agra News: आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में कोविड जैसे लक्षण के साथ एक निजी अस्पताल से बुजुर्ग महिला को रेफर कर भर्ती कराया गया है। मरीज की अभी आरटीपीसीआर जांच रिपोर्ट का इंतजार है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, आगरा के छीपीटोला क्षेत्र की रहने वाली 77 साल की बुजुर्ग महिला को कई दिनों से तेज बुखार के साथ ही सांस लेने में परेशानी होने पर एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। बुजुर्ग महिला का अस्पताल में कई दिनों से इलाज चल रहा था, कई जांच कराई गईं। निजी लैब से जांच में कोविड की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद बुजुर्ग महिला को हायर सेंटर रेफर किया गया।
एसएन के आइसोलेशन वार्ड में चल रहा इलाज
निजी अस्पताल से बुजुर्ग महिला को एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। यहां आइसोलेशन वार्ड में बुजुर्ग महिला का इलाज चल रहा है। एसएन के प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता का कहना है कि बुजुर्ग महिला की तबीयत में सुधार है, आइसोलेशन वार्ड में इलाज शुरू कर दिया गया है। एसएन में भी जांच कराई जाएगी, इसके बाद ही कोविड की पुष्टि की जा सकेगी।
केरल और आंध्रप्रदेश में कोविड के मामले
कोविड के नए मामले देश में केरल और आंध्रप्रदेश में सामने आए हैं लेकिन ये मामले बहुत कम हैं। अभी देश और विदेश में किसी भी जगह कोविड का संक्रमण तेजी से नहीं फैल रहा है।