आगरालीक्स …Agra News: आगरा कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सीके गौतम की नियुक्ति संबंधी आदेशों पर कोर्ट ने रोक लगा दी है। प्राचार्य पद से हटाए जा चुके प्रो. अनुराग शुक्ला ने कॉलेज में कार्यवाहक प्राचार्य नियुक्ति करने की मांग की है, अगली सुनवाई 18 अगस्त को होगी।
आगरा कॉलेज में आयोग से नियुक्त प्राचार्य प्रो. अनुराग शुक्ला का सनराइज यूनिवर्सिटी के शोध सह मार्गदर्शन के फर्जी दस्तावेज लगाने के आरोप में नवंबर 2024 में चयन निरस्त कर दिया गया था। इसके बाद 12 मार्च 2025 को उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने प्रो. सीके गौतम का रोका हुआ परिणाम घोषित किया, 19 मार्च 2025 को प्रो. सीके गौतम को आगरा कॉलेज के प्राचार्य की नियुक्ति के आदेश जारी किए और इसके बाद 21 मार्च 2025 को आगरा कॉलेज प्रबंध समिति ने प्रो. सीके गौतम को प्राचार्य पद का कार्यभार संभालने के आदेश दिए थे। प्रो. अनुराग शुक्ला की विशेष अपील पर हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। पूर्व में मेरठ मेडिकल कॉलेज में डॉ. मनोज रावत को प्राचार्य पद से हटाने के लिए जारी किए गए आदेशों को आधार बनाते हुए प्रो. सीके गौतम की नियुक्ति के लिए जारी किए गए तीन आदेशों पर कोर्ट ने रोक लगा दी है। इस मामले की अगली सुनवाई 18 अगस्त को होगी। इस मामले में प्राचार्य प्रो. सीके गौतम का मीडिया से कहना है कि 18 अगस्त को सुनवाई के दौरान अपना पक्ष रखा जाएगा।
उधर, कोर्ट का आदेश जैसे ही गुरुवार को अपलोड हुआ। प्रो. अनुराग शुक्ला ने आगरा कॉलेज प्रबंध समिति के अध्यक्ष मंडलायुक्त को पत्र लिखकर वरिष्ठ शिक्षक प्रो. आरके श्रीवास्तव को कार्यवाहक प्राचार्य बनाने की मांग की है।
सनराइज यूनिवर्सिटी, अलवर को भी बनाया गया पक्षकार
इस मामले में प्रो. अनुराग शुक्ला के शोध संबंधी दस्तावेज फर्जी होने के मामले में सनराइज यूनिवर्सिटी, अलवर को पक्षकार बनाया गया है। सनराइज यूनिवर्सिटी, के कुलसचिव को हलफनामा देने के लिए कहा है जिसमें प्रो. अनुराग शुक्ला के विश्वविद्यालय में किए गए कार्य की सटीक प्रकृति (यदि कोई हो) और सह-मार्गदर्शक के रूप में प्राप्त किसी भी अनुभव का स्पष्ट उल्लेख होना चाहिए।