आगरालीक्स…आगरा में युवाओं और स्कूली बच्चो की अनोखी पहल. वृंदावन के जरूरतमंद बच्चों के लिए हुआ चैरिटी चेस 2.0…जानिए क्या है ये चैरिटी चेस और क्यों है खास
सामाजिक सेवा की मिसाल पेश करते हुए शहर के युवाओं और स्कूली बच्चों ने एक सराहनीय पहल की है। सदर स्थित रमन्ना गार्डन में इन्टरेक्ट डिस्ट्रिक संस्था द्वारा आयोजित ‘चैरिटी चेस 2.0’ कार्यक्रम ने न केवल प्रतिभा का मंच दिया, बल्कि जरूरतमंदों की मदद के लिए संवेदनशीलता भी जगाई। इस विशेष आयोजन के माध्यम से जुटाई गई सहायता सामग्री, जिसमें फ्रिज सहित अन्य जरूरी वस्तुएं शामिल हैं। 5 अगस्त को वृन्दावन जाकर जरूरतमंद बच्चों को प्रदान की जाएंगी।कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के वंचित वर्ग, विशेषकर दृष्टिबाधित और जरूरतमंद बच्चों के जीवन स्तर को बेहतर बनाना रहा। बच्चों द्वारा की गई इस अनोखी पहल ने यह संदेश दिया कि छोटी उम्र में भी बड़ा बदलाव लाने की सोच और प्रयास संभव है। आयोजन में भाग लेने वाले विद्यार्थियों (टीसा स्कूल, शिवालिक पब्लिक स्कूल, सेंट मार्क्स स्कूल, प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल) ने उत्साहपूर्वक अपनी भागीदारी निभाई और सेवा भावना का परिचय दिया। रमन्ना गार्डन में आयोजित इस कार्यक्रम में मनोरंजन के साथ-साथ स्वास्थ्य पर भी विशेष ध्यान दिया गया। प्रतिभागियों के लिए ध्यान (मेडिटेशन) और जुम्बा जैसे सत्र आयोजित किए गए, जिनमें बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। ध्यान सत्र ने मानसिक शांति और एकाग्रता को बढ़ावा दिया, वहीं जुम्बा ने ऊर्जा और उत्साह से माहौल को जीवंत बना दिया।
5 अगस्त को वृन्दावन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एकत्रित सामग्री जरूरतमंद बच्चों को ससम्मान भेंट की जाएगी। यह पहल न केवल सहायता प्रदान करेगी, बल्कि बच्चों के चेहरे पर मुस्कान लाने का माध्यम भी बनेगी। आयोजन टीम में मुख्य रूप से रिद्धि गुप्ता, सोहम भटनागर, हर्ष भारद्वाज, देवांशी सिंह, अर्ज रागिनी, निशांत शर्मा, तन्मय सेंगर, आराधिता शर्मा, आयुष, उज्ज्वल अग्रवाल, मार्गदर्शकों में, गौरी, विक्रम गुप्ता प्रशिक्षकों में सुनील, संयोगिता आदि उपस्थित थे।