मथुरालीक्स…मुड़िया पूर्णिमा मेला में आने वाले श्रद्धालुओं की सेवा में दिन-रात जुटा रेलवे प्रशासन, स्काउट्स एंड गाइड्स के स्वयंसेवक बन रहे मददगार
मुड़िया मेला-2026 के दौरान लाखों श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराने के लिए में अपर मंडल रेल प्रबंधक गिरीश कुमार गुप्ता एवं वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त एस. रामकृष्णन ने मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर मुड़िया मेला के दौरान यात्रियों के लिए की गई विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, होल्डिंग एरिया, सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन सहित अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।अधिकारियों ने निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ सतत निगरानी एवं सेवा कार्य जारी रखें। मथुरा जंक्शन एवं गोवर्धन रेलवे स्टेशन पर लगभग 85 स्काउट्स एंड गाइड्स स्टॉफ, लगभग 90 वाणिज्य कर्मचारी तथा लगभग 350 रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ) के अधिकारी एवं जवान शिफ्टवार तैनात रहकर यात्रियों की सहायता एवं सुरक्षा सुनिश्चित कर रहे हैं। वाणिज्य विभाग के कर्मचारी यात्रियों को ट्रेनों, प्लेटफॉर्म, टिकटिंग एवं अन्य यात्री सुविधाओं की जानकारी उपलब्ध करा रहे हैं। वहीं स्काउट्स एंड गाइड्स के स्वयंसेवक वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं, बच्चों एवं दिव्यांग यात्रियों को स्टेशन परिसर में मार्गदर्शन एवं आवश्यक सहयोग प्रदान कर रहे हैं।
रेल सुरक्षा बल द्वारा स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, फुट ओवर ब्रिज तथा प्रवेश एवं निकास द्वारों पर सतत निगरानी रखते हुए भीड़ प्रबंधन एवं सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाया गया है। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो और वे सुरक्षित एवं सुविधाजनक ढंग से अपने गंतव्य तक पहुँच सकें। रेल प्रशासन श्रद्धालुओं से अपील करता है कि वे रेलवे कर्मचारियों एवं स्वयंसेवकों द्वारा दिए जा रहे निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी प्रकार की सहायता की आवश्यकता होने पर स्टेशन पर तैनात वाणिज्य कर्मचारियों, स्काउट्स एंड गाइड्स अथवा रेल सुरक्षा बल से संपर्क करें।