आगरालीक्स …Agra News: आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज के वार्ड में 300 रुपये लेकर प्राइवेट व्यक्ति द्वारा ईसीजी करने का वीडियो वायरल होने के बाद तीन सदस्यीय कमेटी गठित। वार्ड में भर्ती 10 मरीजों से ईसीजी करने के लिए तीन हजार रुपये लेने का आरोप, जबकि एसएन में 68 रुपये में उपलब्ध है ईसीजी की सुविधा।
एसएन मेडिकल कॉलेज में जांच से लेकर सर्जिकल सामान मरीजों के तीमारदारों से बाजार से मंगाए जा रहे हैं। ईसीजी भी कॉलेज की जगह बाहर के किसी टेक्नीशियन को बुलाकर कराने का मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। 30 सेकेंड के वीडियो में एक तीमारदार ने वीडियो बनाया है इसमें उसने कहा कि ये प्राइवेट व्यक्ति हैं और 300 रुपये कैश लिए हैं और ईसीजी कर रहे हैं। कोई स्लिप नहीं दे रहे हैं।
नाम पूछने पर नहीं बताया
वीडियो बनाने वाले युवक ने बाहरी व्यक्ति से उसका नाम भी पूछा लेकिन उसने अपना नाम नहीं बताया। उससे यह भी पूछा कि सरकारी अस्पताल में बिना स्लिप दिए पैसे कैसे ले रहे हैं, वार्ड में करीब 10 मरीज हैं और इन मरीजों से 300 300 रुपये लिए गए हैं।
तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद एसएन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने सीएमएस डॉ. जीवी सिंह की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय कमेटी गठित की है। टीम की रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।