आगरालीक्स….आगरा में यमुना तट पर बसे श्री महाकालेश्वर धाम में श्रीराम कथा 2 अगस्त से 10 अगस्त तक. सावन महोत्सव के लिए हुआ भूमि पूजन, श्री महारुद्र यज्ञ, रुद्राभिषेक एवं आध्यात्मिक आयोजन होंगे
यमुना तट पर स्थित प्राचीन एवं दिव्य श्री महाकालेश्वर मंदिर, बूढ़ी का नगला, दयालबाग में आयोजित होने जा रहे भव्य सावन महोत्सव के सफल आयोजन के लिए बुधवार को वैदिक रीति-रिवाजों के साथ भूमि पूजन एवं मंगलाचरण संपन्न हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार, पूजन-अर्चन एवं भगवान शिव के जयघोष के बीच आयोजन स्थल को आध्यात्मिक ऊर्जा से अभिषिक्त किया गया। भूमि पूजन के अवसर पर यज्ञाचार्य पंडित सुनील कुमार वशिष्ठ ने कहा कि जिस प्रकार उज्जैन में पावन शिप्रा नदी के तट पर भगवान महाकालेश्वर विराजमान हैं, उसी प्रकार आगरा की पावन यमुना के तट पर स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर भी शिवभक्तों की अटूट आस्था का केंद्र है। सावन मास में यह धाम भक्तों के लिए शिव आराधना, यज्ञ, रुद्राभिषेक एवं श्रीराम कथा के दिव्य संगम का साक्षी बनेगा।उन्होंने बताया कि 2 अगस्त से 10 अगस्त तक प्रतिदिन प्रातः 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक श्री महारुद्र यज्ञ एवं रुद्राभिषेक का आयोजन होगा, जबकि दोपहर 3 बजे से सायं 7 बजे तक श्रीराम कथा का रसास्वादन कराया जाएगा। इस नौ दिवसीय आयोजन में चित्रकूट धाम के सुप्रसिद्ध कथा वाचक पंडित विमलेश त्रिवेदी महाराज श्रद्धालुओं को श्रीराम कथा का अमृतपान कराएंगे। कथा की परीक्षित बूट्टी बाई तिवारी होंगी। महिला मंडल अध्यक्ष सरिता तिवारी ने बताया कि सावन महोत्सव का शुभारंभ 2 अगस्त को प्रातः 9 बजे भव्य कलश यात्रा के साथ होगा। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में मातृशक्ति एवं श्रद्धालु भगवान शिव के जयघोष के साथ सहभागिता करेंगे। उन्होंने कहा कि आयोजन की सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं और मंदिर परिसर को आकर्षक धार्मिक स्वरूप प्रदान किया जा रहा है। भूमि पूजन के अवसर पर सुनील शर्मा, सरिता तिवारी, नीलू पांडेय, सुरेश चंद्र कुलश्रेष्ठ, पंडित रामचरण शर्मा, समर्थ मिश्रा, पंकज शर्मा, मोहित दिवाकर, प्रदीप द्विवेदी, दिव्यांश, गुंजन शर्मा, राजेंद्र कुमार बंसल, ललित कपूर आदि उपस्थित रहे।