आगरालीक्स …आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में बाहर से व्यक्ति को बुलाकर ईसीजी कराने के मामले में जूनियर डॉक्टर 15 दिन के लिए चिकित्सकीय कार्य से निलंबित। एचओडी को भी चेतावनी।
आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज के नई सर्जरी बिल्डिंग स्थित अस्थि रोग विभाग के वार्ड का मंगलवार को सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हुआ था। वीडियो में बाहरी व्यक्ति मरीज का ईसीजी कर रहा था इसके लिए उसने 300 रुपये लिए थे जबकि एसएन में भी यह सुविधा उपलब्ध है और 68 रुपये में ईसीजी किया जाता है। वीडियो वायरल होने के बाद डॉ. जीवी सिंह, डॉ. राजेश गुप्ता और डॉ. मनीष बंसल सहित तीन सदस्यीय कमेटी गठित की गई।
जूनियर डॉक्टर को चिकित्सकीय कार्य से किया गया निलंबित
एसएन के प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता के अनुसार, जांच कमेटी ने मरीज के तीमारदार, डॉक्टर और स्टाफ के बयान दर्ज किए। तीमारदार ने लिखित बयान दिए हैं कि उसने ही बाहरी व्यक्ति को ईसीजी करने के लिए बुलाया था। जबकि जूनियर डॉक्टरों ने छठवीं मंजिल पर आईसीयू में जाकर ईसीजी कराने के लिए कहा था। वार्ड में बाहरी व्यक्ति के ईसीजी करने पर डयूटी कर रहे जूनियर डॉक्टर को 15 दिन के लिए चिकित्सकीय कार्य से निलंबित कर दिया है।