आगरालीक्स …Agra News: आगरा ग्वालियर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस वे के लिए किसानों को 50 करोड़ अधिक मुआवजा मिलेगा। 4613 करोड़ से बनने वाले छह लेन 88 किलोमीटर लंबे एक्सप्रेस वे का काम तेजी से शुरू हो जाएगा।
आगरा से धौलपुर, मुरेना और ग्वालियर के बीच 88 किलोमीटर लंबा ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस वे बनना है। आगरा में एक्सप्रेस वे करीब 14 किलोमीटर का होगा इसके लिए फतेहाबाद और खेरागढ़ के 12 गांवाों के 627 किसानों को 144 करोड़ रुपये जमीन का मुआवजा दिया जाना था। मुआवजे से असंतुष्ट किसानों ने एनएचएआई को जमीन पर कब्जा नहीं लेने दिया और 148 वाद दायर किए थे।
50 करोड़ अधिक मुआवजा मिलेगा
मध्यस्थता के बाद 144 करोड़ की जगह 50 करोड़ अधिक यानी 195 करोड़ रुपये मुआवजा देने पर बात बन गई है। ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस वे का निर्माण बीओटी टोल मोड पर किया जा रहा है। इसके लिए जीआर इंफ्राप्रोजेक्टस लिमिटेड के साथ 20 साल का रियायत समझौता किया गया है। जिसमें 30 महीने की निर्माण अवधि भी शामिल है। जनवरी में कार्यदायी संस्था को काम शुरू करना था लेकिन जमीन ना मिल पाने के कारण काम शुरू नहीं हो सका था।