आगरालीक्स…Agra News: आगरा के डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के आज दीक्षांत समारोह में राज्यपाल 88 मेडल से मेधावियों को सम्मानित करेंगी। छह घंटे राज्यपाल विवि में रहेंगी। जानें मिनट टू मिनट कार्यक्रम।
आगरा के डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय का 92वां दीक्षांत समारोह सोमवार को स्वामी विवेकानंद (खंदारी) परिसर स्थित शिवाजी मण्डपम में अत्यंत आयोजित किया जा रहा है। समारोह की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश की माननीय राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल करेंगी, कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (NCTE) के चेयरमैन प्रो. पंकज अरोरा होंगे।
88 मेडल और 79 हजार से अधिक डिग्री
विश्वविद्यालय द्वारा कुल 79,832 विद्यार्थियों को उपाधियाँ प्रदान की जाएँगी, जिनमें स्नातक के 55,686, स्नातकोत्तर के 9,150, प्रोफेशनल पाठ्यक्रमों के 14,826, पीएच.डी. के 167 एवं डी.लिट्. के 03 शोधार्थी शामिल हैं। शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए 64 मेधावी विद्यार्थियों को 88 पदकों से सम्मानित किया जाएगा, जिनमें 46 छात्राएँ और 18 छात्र शामिल हैं—जो छात्राओं के उत्कृष्ट प्रदर्शन का प्रत्यक्ष प्रमाण है। इसके अतिरिक्त, पारंपरिक हस्तशिल्प और ग्रामीण उद्यमिता में विशेष योगदान के लिए पश्चिम बंगाल के सुप्रसिद्ध गोल्डन ग्रास (मदुर) शिल्पकार श्री अरधेंदु शेखर दास को मानद उपाधि से अलंकृत किया जाएगा।
सुबह 9.30 बजे विवि आ जाएंगी राज्यपाल
राज्यपाल आनंदी बेन पटेल सुबह 9.10 बजे खेरिया एयरपोर्ट पर आएंगी, यहां उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय उनका स्वागत करेंगे। वहां से कार से सुबह 9.30 बजे राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, विवि के खंदारी परिसर पहुंचेंगी। किशोरियों के एचपीवी वैक्सीन अभियान का शुभारंभ करने के बाद सुबह 10 बजे से दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी और दीक्षांत समारोह दोपहर 12.40 बजे तक चलेगा।
दोपहर 3.30 बजे तक बैठक
दीक्षांत समारोह के बाद राज्यपाल आनंदीबेन पटेल विवि में दो बैठक भी लेंगी। इसके बाद दोपहर 3.30 बजे विवि से खेरिया एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगी।