आगरालीक्स…Agra News: आगरा में लव मैरिज से नाराज पिता पर बेटी की हत्या का आरोप, आईटीबीपी के जवान से बेटी ने की थी लव मैरिज, पड़ोसियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने पिता को हिरासत में लिया।
आगरा के जैतपुर के प्रताप नगर मोहल्ले के रहने वाले विमल शर्मा की 11 साल की बेटी अंकिता शर्मा की घर में हत्या करने की पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस को घर में 22 साल की अंकिता का शव मिला, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अंकिता शर्मा ने आईटीबीपी में तैनात जवान से लव मैरिज की थी, इससे उसके पिता नाराज थे।
फरवरी में की थी लैव मैरिज
पुलिस जांच में सामने आया है कि अंकिता शर्मा ने अपने परिजनों की मर्जी के खिलाफ इसी साल फरवरी में आईटीबीपी में तैनात युवक से कोर्ट मैरिज कर ली थी। इससे परिजन नाराज थे। सोमवार सुबह अंकिता शर्मा की हत्या कर दी गई। इस मामले में पुलिस उपायुक्त पूर्वी जोन अभिषेक कुमार अग्रवाल का कहना है कि तहरीर के आधार पर विमल शर्मा के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है। अभियुक्त को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने बताया कि उसकी पुत्री ने कुछ माह पूर्व न्यायालय में विवाह (कोर्ट मैरिज) किया था, जिससे वह असंतुष्ट था। इसी आक्रोश में उसने उक्त घटना कारित करना स्वीकार किया है।