आगरालीक्स…आगरा में चलती बस के अंदर गूंजी किलकारी. रोडवेज बस में हुई महिला को प्रसव पीड़ा. रास्ते में ही बच्ची को दिया जन्म. चालक ने सीएचसी के गेट तक पहुंचाई बस…जच्चा—बच्चा दोनों सुरक्षित
आगरा से मनिया जा रही झांसी रोडवेज की बस में एक महिला ने बच्चे को जन्म दिया है. चलती बस में ही महिला को प्रसव पीड़ा हुई और रास्ते में ही उसने बच्ची को जन्म दे दिया. बस चालक ने भी मानवता का परिचय देते हुए तेजी से बस को सैंया सीएचसी गेट तक पहुंचाया और यहां स्वास्थ्यकर्मियों ने जच्चा—बच्चा को भर्ती किया. दोनों सुरक्षित हैं.
सोमवार को मनिया के रहने वाले नरवेश अपनी गर्भवती पत्नी निर्मला और मां के साथ आगरा से मनिया जाने के लिए झांसी डिपो की बस में बैठे थे. दोपहर करीब साढ़े 12 बजे चलती बस में ही उनकी पत्नी को प्रसव पीड़ा होने लगी. बस चालक भीमसेन को इसकी जानकारी हुई तो उसने बस की रफ्तार को तेज कर दिया जिससे कि वो जल्द ही सैंचा सीएचसी पहुंच सके. लेकिन बीच रास्ते में ही प्रसव हो गया. थोड़ी देर में ही इसके बाद चालक ने बस को सीएचसी गेट पर रोक दिया. सूचना पर सीएचसी स्टाफ तुरंत बस के पास पहुंचा और उन्होंने जच्चा और नवजात शिशु को बस से उतारकर सीएचसी के अंदर भर्ती कराया. दोनों मां और नवजात सुरक्षित हैं.