आगरालीक्स…आगरा में शादी के छठवें दिन ही दुल्हन हो गई गायब. घर में रखे सोने चांदी के जेवर और कैश भी ले गई…लुटेरी दुल्हन के चक्कर में ऐसा परिवार कि उड़ गए होश
आगरा में लुटेरी दुल्हन का एक ऐसा मामला आया है जिसने एक परिवार के होश उड़ा दिए हैं. थाना सिकंदरा के आवास विकास कॉलोनी में शादी के छठवें दिन ही दुल्हन गायब हो गई. यही नहीं घर से वह सोने चांदी के जेवर और कैश भी साथ ले गई है. पीड़ित परिवार अब लुटेरी दुल्हन की तलाश कर रहा है और बिचौलिए के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहा है. पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर लिया है. मामले की जाचं की जा रही है.
बिचौलिए ने बताया रिश्ता
थाना सिकंदरा के आवास विकास में 50 साल की गुड्डी देवी रहती हैं. गुड्डी देवी के पति लाखन सिंह का स्वर्गवास हो चुका है. गुड्डी देवी ने बताया कि उन्होंने पाई पाई अपने बेटे विश्नू की शादी के लिए जुटाए थे. इस दौरान उनका संपर्क शमसाबाद में रहने वाले जवाहर सिंह से हुआ और उसने प्रयागराज की रहने वाली प्रीति नामक युवती का रिश्ता सुझाया था. बिचौलिए ने लड़की को गरीब और अनाथ बताया और शादी का पूरा खर्च गुड्डी देवी पर ही डाल दिया.
27 जून को हुई शादी
पीड़िता के अनुसार 27 जून 2026 को बिचौलिए जवाहर सिंह प्रीति को लेकर गुड्डी देवी के घर आया. इसके साथ दो अन्य व्यक्ति जिसमें एक ने खुद को प्रीति का भाई धारा सिंह बताया था. शादी से पहले ही सामान आदि के लिए डेढ़ लाख रुपये की मांग की गई. इस पर पीड़ित परिवार ने एक लाख रुपये कैश और 50,500 रुपये आनलाइन ट्रांसफर किए. 27 जून को ही घर पर शादी संपन्न हुई और बिचौलिए सहित तीनों लोग चले गए.
प्रयागराज की प्रीति निकली लुटेरी दुल्हन
पीड़ित परिवार के अनुसार शादी के छठवें दिन 3 जुलाई को सुबह साढ़े चार बजे गुड्डी देवी सोकर उठीं तो बहू प्रीति घर से गायब थी. छानबीन करने पर पता चला कि घर में रखे सोने का मंगलसूत्र, लॉकेट, दो तोले सोने की अंगूठियां, चांदी की पाजेब और करधनी के साथ 16 हजार कैश भी गायब था. कुल चार लाख रुपये से अधिक का सामान चोरी हो गया था. पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद बिचौलिए जवाहर सिंह से संपर्क किया तो पहले उसने दुल्हन को वापस लाने का झांसा दिया लेकिन बाद में मुकर गया. पीड़ित परिवार पुलिस के पास पहुंचा. आरोप है कि पुलिस ने नहीं सुनी तो सीजेएम कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया. कोर्ट के आदेश पर अब मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.