आगरालीक्स…आगरा में पीआरडी जवानों ने मानदेय न मिलने पर किया विकास भवन में हंगामा. धरने पर बैठकर करने लगे नारेबाजी.
आगरा विकास भवन में मंगलवार को सैकड़ों की संख्या में पीआरडी जवान पहुंच गए. मानदेय समय से न मिलने की मांग को लेकर उन्होंने यहां पहुंचकर हंगामा कर दिया और सीडीओ प्रतिभा सिंह के कार्यालय के बाहर धरने पर बैठकर नारेबाजी करने लगे. जिला समाज कल्याण अधिकारी और जिला विकास अधिकारी ने बहुत समझाने का प्रयास किया लेकिन वे नहीं माने. इसके बाद सिटी मजिस्ट्रेट मौके पर पहुंचे और उन्होंने रुके हुए वेतन को जारी करने का अश्वासन देकर पीआरडी जवानों को समझाकर शांत कराया.
पीआरडी जवानों का आरोप है कि कई साल से अलग अलग विभागों में की गई ड्यूटी का मानदेय लंबित है. वहीं पीएमश्री स्कूलों में ड्यूटी लगाने के बाद से अब तक उन्हें एक बार भी भुगतान नहीं किया गया है. जवानों ने डीडीओ रेणु कुमारी को ज्ञापन दिया और लंबित मानदेय का जल्द भुगतान कराने की मांग की. आगरा में करीब 430 पीआरडी जवान पंजीकृत हैं. इनमें औसतन 250 से 350 जवान अलग—अलग स्थानों पर ड्यूटी करते हैं.