आगरालीक्स आगरा में सड़कें धंसने से हुए 20 फीट के गहरे गड्ढों का कारण आडिट में आया सामने, जानें क्यों धंसी सड़कें और गड्ढे हो गए।
आगरा में बारिश में जगह जगह पर सड़क धंस गई, कमला नगर में कुछ ही दूरी पर दो जगह सड़क धंस गई और गहरा गड्ढा हो गया। ताजगंज के साथ ही फाउंड्री नगर सहित शहर के अन्य हिस्सों में भी सड़क धंसने पर सड़कों का संरक्षा आडिट कराया गया।
सीवर लाइन और पाइप लाइन के लीकेज से धंसी सड़कें
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, आडिट में 65 प्रतिशत सड़कों के धंसने का कारण सीवर लाइन में लीकेज सामने आया है। सीवर लाइन में लीकेज से गंदे पानी का रिसाव होता रहा इससे अचानक से सड़क धंस गई। जबकि 35 प्रतिशत सड़कें धंसने का कारण पानी की लाइन में लीकेज सामने आया है। नगर निगम प्रशासन ने सीवर लाइन के लिए वबाग और पानी की पाइप लाइन की मरम्मत के लिए जल निगम के अधिकारियों से कहा है।
हर साल नगर निगम सड़कों पर खर्च कर रहा 100 करोड़
नगर निगम नई सड़क बनाने के साथ ही सड़कों की मरम्मत पर भी खूब पैसा खर्च करता है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, नगर निगम ने 100 करोड़ रुपये सड़क निर्माण और मरम्मत पर खर्च किए हैं। नगर निगम के कार्यवाहक मुख्य अभियंता अरविंद कुमार का कहना है कि सीवर लाइन लीकेज से धंसी सड़कों की मरम्मत वबाग और पानी की पाइप लाइन में लीकेज से धंसी सड़कों की जल निगम द्वारा मरम्मत कराई जा रही है।