आगरालीक्स…बेटा मां के लिए ही जी लो…नहीं माना 19 साल का बेटा. आईफोन की जिद पर जान देने पहुंच गया पहाड़ी पर…बचाने पहुंचे पिता के साथ नीचे गिरा, पीछे से मां भी कूद गई…उजड़ गया पूरा परिवार
महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर के तिसगांव से एक ऐसी खबर आई है जिसने हर किसी को विचलित कर दिया है. आईफोन की जिद ने एक पूरे परिवार को खत्म् कर दिया. 19 साल का बेटा आईफोन के लिए पहाड़ी पर जान देने के लिए पहुंच गया. पीछे पीछे पिता और मां भी पहुंच गए. सरपंच सहित गांव वाले भी वहां आ गए, लेकिन बेटा जान देने के लिए अड़ गया. सरपंच ने मां का वास्ता दिया, कहा बेटा जो चाहिए ले लो लेकिन मां के लिए तो जी लो लेकिन बेटा नहीं माना. पिता ने उसे बचाने की कोशिश की लेकिन पहाड़ी से अनियंत्रित होकर वह बेटे के साथ ही नीचे गिर गए और दोनों की मौत हो गई. वहीं पीछे से मां ने भी पहाड़ी से छलांग लगा दी. तीन मौतों से पूरा परिवार उजड़ गया. इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
घटना छत्रपति संभाजीनगर के तिसगांव इलाके में सुबह 10 बजे की है. यहां रहने वाला एक 19 साल का लड़का कुणाल अपने पिता से आईफोन की जिद कर रहा था. इसे लेकर उसका पिता के साथ विवाद हो गया. गुस्से में कुणाल खवाड्या पहाड़ी पर पहुंच गया और किनारे खड़ा हो गया. उसके पीछे उसके पिता और मां संगीता भी पहुंच गई. जानकारी पर युवक को समझाने के लिए पुलिस, दमकलकर्मी, ग्रामीण और गांव के सरपंच भी पहुंच गए. करीब तीन घंटै तक सभी लोग युवक को समझाने और उसे पहाड़ी के किनारे से पीछे हटाने की कोशिश करते रहे.
मां के लिए ही जी लो बेटा
गांव के सरपंच ने युवक से भावुक अपील करते हुए कहा, ऐ भाई मैं गांव का सरपंच हूं. चल जो चाहिए वो लाकर देंगे. लेकिन इसके बाद भी युवक पीछे हटने को राजी नहीं हुआ. सरपंच ने उसे उसकी मां का वास्ता देते हुए कहा कि तुम्हारे कूदने से क्या होगा. मां के लिए ही जी लो ना. लेकिन तमाम कोशिशों का युवक पर कोई असर नहीं हुआ और उसने साफ शब्दों में कहा कि नहीं मुझे मरना ही है. अब यही एक रास्ता बचा है.
गुहार लगाते रहे माता पिता
कुणाल के पहाड़ी पर चढ़ने के बाद उसे समझाने के लिए उसके माता पिता भी गुहार लगाते रहे. बेटे को मनाने के लिए मां संगीता ने उसके सामने अपना मंगलसूत्र तक उतारकर फेंक दिया और कहा कि उसका विवाद पिता से है, इसलिए वह भी पति के साथ नहीं रहेगी और दोनों अलग रह लेंगे. लेकिन इसके बाद भी कुणाल ने मां की बात नहीं मानी.
बेटे को बचाने की कोशिश में पिता भी नीचे गिरे
इधर बचाव दल ने पहाड़ी की तलहटी में सुरक्षा जाल लगाने की कोशिश की थी लेकिन युवक बार—बार अपनी जगह बदल रहा था. ऐसे में अनुमान लगाना मुश्किल हो रहा था कि वह किस जगह से छलांग लगा सकता है. इधर बेटे को मनाने के लिए धीरे—धीरे पिता भी उसके पास पहुंचे और उसे किनारे से हटाने के लिए समझाने लगे. लेकिन युवक ने छलांग लगा दी. वहीं पिता भी उसे पकड़ने की कोशिश में नीचे गिर गए. बेटे और पति को पहाड़ी से गिरता देख मां भी खुद को नहीं रोक सकी और उन्होंने भी पहाड़ी से छलांग लगा दी. तीनों की दर्दनाक मौत हो गई. पुलिस ने तीनों के शव बरामद कर लिए हैं.